क्रिकेट

'दरवाजा तोड़ना पड़ेगा', टीम इंडिया में वापसी को बेताब सूर्यकुमार यादव का बड़ा बयान, SMAT में चला बल्ला

टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को 29 गेंद में 82 रन की तूफानी पारी खेली और उनकी लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में गुजरात पर पांच विकेट से जीत दर्ज की।

Image

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चला सूर्यकुमार यादव का बल्ला। फोटो- CAB

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम से बाहर चल रहे पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का बल्ला सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रन उगल रहा है। हैदराबाद के खिलाफ 21 गेंद पर नाबाद 60 रन की पारी खेलने के बाद गुजरात के खिलाफ 29 गेंद पर 82 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। वह टीम इंडिया में वापसी के लिए बेताब हैं और उनका मानना है कि इसके लिए उन्हें एक बार फिर चयन का दरवाजा तोड़ा होगा।

टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को 29 गेंद में 82 रन की तूफानी पारी खेली और उनकी लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी की बदौलत मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में गुजरात पर पांच विकेट से जीत दर्ज की। हैदराबाद के खिलाफ खेली गई नाबाद अर्धशतकीय पारी के बाद ईएसपीएन क्रिकइन्फो से बात करते हुए सूर्या ने कहा कि वह भारतीय टीम में वापसी करना चाहते हैं।

'वही भूख अब फिर से जाग गई'

उन्होंने कहा, विश्व कप जीतने के बाद आप यही सोचते हैं कि IPL के बाद जो भी पहली सीरीज होगी, आप उसमें खेलेंगे। किसी ICC इवेंट को जीतना आसान नहीं होता, वो भी अपने देश में जहां पहले कोई नहीं जीता था। हमने वो खिताब जीता, तो बहुत अच्छा लगा। लेकिन चयनकर्ताओं ने कुछ सोचकर ही फैसला लिया होगा। हालांकि, मैं निश्चित रूप से दुखी था। अगर आपको दुख नहीं होगा, तो आप उस चीज को पैशन में कैसे बदलेंगे? पहले भारत के लिए खेलने की जो भूख थी, वही भूख अब फिर से जाग गई है। अगर दोबारा देश के लिए खेलना है, तो फिर से दरवाजा तोड़ना पड़ेगा।

300 के करीब है स्ट्राइक रेट

सूर्यकुमार ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच T20 विश्व कप 2026 का फाइनल खेला था, जिसमें उन्होंने भारत को खिताब जिताया था। इसके बाद उन्होंने IPL 2026 में हिस्सा लिया, लेकिन फिर उन्हें भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद सूर्या को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया।

हैदराबाद के खिलाफ 285.71 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज़ी करने वाले सूर्यकुमार अपनी पुरानी लय में दिखे। वहीं, गुजरात के खिलाफ 282.76 की स्ट्राइक रेट खेली गई उनकी पारी में बदलते T20 क्रिकेट के हिसाब से खुद को ढालने का इरादा साफ झलक रहा था। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन के चलते सूर्या ने एक फिर अपने नाम की चर्चा छेड़ दी है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 8 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article