Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Zero Calorie ड्रिंक्स का असली सच! क्या चीनी की जगह आर्टिफिशियल स्वीटनर वाली ड्रिंक पीना है सुरक्षित, डॉक्टर से जानिए

Zero Calorie Drinks Truth:आजकल लोगों के बीच जीरो शुगर ड्रिंक्स काफी पॉपुलर हो रही हैं। लोग इन्हें चीनी से बनने वाली शुगर ड्रिंक्स, सॉफ्ट- कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस का हेल्दी विकल्प मानकर पी रहे हैं, लेकिन क्या इन आर्टिफिशियल शुगर वाली ड्रिंक्स का सेवन स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है? आइए डॉक्टर से ही जानते हैं...

Image
क्या जीरो कैलोरी शुगर फ्री ड्रिंक्स वाकई सेहत के लिए सुरक्षित हैं?
Authored by: Vineet
Updated Jun 23, 2026, 13:37 IST
Follow on Google News

Zero Calorie Drinks Truth: आजकल बाजार में ऐसी ड्रिंक्स की भरमार है जिन पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा होता है- 'Zero Sugar' या 'Zero Calorie'। कई लोग इन्हें देखकर सोचते हैं कि जब इनमें चीनी नहीं है और कैलोरी भी नहीं है, तो इन्हें जितना चाहें उतना पी सकते हैं। खासकर जो लोग वजन कम करना चाहते हैं या डायबिटीज से परेशान हैं, वे इन ड्रिंक्स को आम कोल्ड ड्रिंक से बेहतर मानते हैं। लेकिन क्या वाकई ऐसा है? क्या चीनी की जगह इस्तेमाल किए जाने वाले आर्टिफिशियल स्वीटनर पूरी तरह सुरक्षित हैं, क्या ये शरीर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते?

इस विषय पर अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद के एंडोक्राइनोलॉजी और डायबिटीज विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. निशांत रायजादा बताते हैं कि जीरो कैलोरी ड्रिंक्स कुछ मामलों में फायदेमंद हो सकती हैं, लेकिन इन्हें सेहत का जादुई फॉर्मूला समझना भी सही नहीं है। आइए डॉक्टर से ही जानते हैं जीरो कैलोरी ड्रिंक्स का असली सच।

आखिर 0 कैलोरी ड्रिंक्स में मिठास कहां से आती है

डॉक्टर बताते हैं कि बहुत से लोगों को लगता है कि अगर किसी ड्रिंक में चीनी नहीं है तो वह फीकी होगी, लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है। इन ड्रिंक्स में चीनी की जगह कुछ खास तरह के स्वीटनर (Artificial Sweetner) मिलाए जाते हैं, जो कम मात्रा में ही काफी मीठा स्वाद देते हैं।

यही वजह है कि ड्रिंक मीठी तो लगती है, लेकिन उसमें चीनी से मिलने वाली कैलोरी नहीं होती। इसी कारण ये ड्रिंक्स उन लोगों को आकर्षित करती हैं जो मीठा छोड़ना चाहते हैं लेकिन स्वाद भी बनाए रखना चाहते हैं।

0 कैलोरी ड्रिंक्स में मिठास कहां से आती है

0 कैलोरी ड्रिंक्स में मिठास कहां से आती है

डायबिटीज और वजन घटाने वालों के लिए क्यों है बेहतर

डॉ. निशांत रायजादा के मुताबिक, इन ड्रिंक्स का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इन्हें पीने से खून में शुगर उतनी तेजी से नहीं बढ़ती जितनी सामान्य मीठी कोल्ड ड्रिंक पीने पर बढ़ती है।

भारत में डायबिटीज तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में चीनी का सेवन कम करना जरूरी हो जाता है। जो लोग रोज मीठी कोल्ड ड्रिंक पीते हैं, उनके लिए जीरो शुगर ड्रिंक एक बेहतर विकल्प हो सकती है। साथ ही इसमें कैलोरी भी बहुत कम होती है, इसलिए वजन नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे लोगों को भी इससे कुछ मदद मिल सकती है।

क्या इन्हें बिना सोचे-समझे पी सकते हैं

डॉक्टर की राय में यहीं पर लोग सबसे ज्यादा गलती करते हैं। कई लोग सोचते हैं कि जब ड्रिंक में कैलोरी नहीं है तो उसे दिनभर पीने में कोई नुकसान नहीं होगा। लेकिन एक्सपर्ट्स ऐसा नहीं मानते हैं ।

डॉ. रायजादा कहते हैं कि जीरो कैलोरी का मतलब यह नहीं है कि आप उसकी मात्रा पर ध्यान देना छोड़ दें। किसी भी चीज का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल सही नहीं होता है। इसलिए इन ड्रिंक्स को भी सीमित मात्रा में ही लेना चाहिए।

बिना सोचे-समझे क्यों न पिएं

बिना सोचे-समझे क्यों न पिएं

रिसर्च क्या कहती है

पिछले कुछ सालों में इन ड्रिंक्स और इनमें मौजूद स्वीटनर्स पर कई अध्ययन हुए हैं। कुछ रिसर्च में यह बात सामने आई है कि अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक बहुत ज्यादा मात्रा में ऐसी ड्रिंक्स पीता है, तो उसकी मीठा खाने की इच्छा और बढ़ सकती है।

कुछ अध्ययनों में यह भी देखा गया है कि ज्यादा मात्रा में सेवन करने से शरीर की कुछ प्राकृतिक प्रक्रियाओं पर असर पड़ सकता है। हालांकि इस विषय पर अभी वैज्ञानिकों की राय पूरी तरह एक जैसी नहीं है। इसलिए फिलहाल यह कहना सही नहीं होगा कि ये ड्रिंक्स नुकसान ही पहुंचाती हैं, लेकिन इन्हें पूरी तरह बेफिक्र होकर पीना भी ठीक नहीं है।

क्या आर्टिफिशियल स्वीटनर सुरक्षित हैं

इस सवाल का सीधा जवाब है- हां, लेकिन तय सीमा के अंदर। डॉ. रायजादा बताते हैं कि जिन स्वीटनर्स का इस्तेमाल इन ड्रिंक्स में किया जाता है, उन्हें भारत और दुनिया की कई बड़ी स्वास्थ्य एजेंसियों ने मंजूरी दी हुई है। यानी अगर इनका इस्तेमाल सीमित मात्रा में किया जाए तो इन्हें सुरक्षित माना जाता है।

हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि पानी की जगह सिर्फ यही ड्रिंक्स पीनी शुरू कर दी जाएं। शरीर को सबसे ज्यादा जरूरत साफ और प्राकृतिक पेय पदार्थों की ही होती है।

जीरो कैलोरी ड्रिंक्स कितने सुरक्षित हैं

जीरो कैलोरी ड्रिंक्स कितने सुरक्षित हैं

आखिर सबसे अच्छा विकल्प क्या है

अगर आप सच में अपनी सेहत सुधारना चाहते हैं, तो पानी से बेहतर कोई ड्रिंक नहीं है। इसके अलावा अगर सेहत के लिए लिहाज से देखा जाए तो बिना चीनी वाला नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी, सादा चाय या बिना चीनी की कॉफी भी अच्छे विकल्प हैं।

डॉ. निशांत रायजादा कहते हैं कि जीरो कैलोरी ड्रिंक्स उन लोगों के लिए मददगार हो सकती हैं जो मीठी कोल्ड ड्रिंक्स छोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन लंबे समय में सबसे अच्छा तरीका यह है कि हम अपनी जीभ को कम मीठा खाने-पीने की आदत डालें।

डॉक्टर की क्या है सलाह

जीरो कैलोरी ड्रिंक्स सामान्य मीठी कोल्ड ड्रिंक्स से बेहतर हो सकती हैं, खासकर डायबिटीज और वजन बढ़ने की चिंता करने वाले लोगों के लिए। लेकिन इन्हें सेहत का शॉर्टकट समझना गलत होगा। अच्छी सेहत का राज किसी एक ड्रिंक में नहीं, बल्कि संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और सही जीवनशैली में छिपा है। इसलिए अगर आप जीरो शुगर ड्रिंक पीते हैं, तो उसे एक विकल्प की तरह देखें, न कि रोजमर्रा की जरूरत की तरह।

End of Article