देश

आज से कर्नाटक दौरे पर PM मोदी, बेंगलुरु में मेट्रो के नए चरण को दिखाएंगे हरी झंडी, कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे, जहां वह भारत वन में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे।

Image

दो दिन के कर्नाटक दौरे पर पीएम मोदी।

Photo : PTI

PM Modi Karnataka Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वह शुक्रवार को बेंगलुरु और मैसूरु के दौरे पर जाने को लेकर उत्साहित हैं, जहां वह बेंगलुरु मेट्रो के नए चरण को हरी झंडी दिखाएंगे और 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। मोदी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि वह कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, 'नमस्कार कर्नाटक! मैं कल, 13 नवंबर को बेंगलुरु और मैसूरु जाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं।'

'प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे

उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों में बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम का स्वर्ण जयंती समारोह और 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन तथा उनकी आधारशिला रखना शामिल है। दौरे के दौरान मोदी 'प्रशांति कुटीरम’ के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसकी स्थापना का उद्देश्य आधुनिक विज्ञान को भारत की आध्यात्मिक ज्ञान परंपरा से जोड़ना है। वह तवारेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु मेट्रो स्टेशन तक ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और उसमें सफर भी करेंगे।

मैसूरू में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री बेंगलुरु में 15,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मैसूरु जाएंगे, जहां वह भारत वन में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, कॉसमॉस-मैसूरु तारामंडल का उद्घाटन करेंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे। बयान के अनुसार, इन विकास परियोजनाओं में शहरी परिवहन, बिजली पारेषण, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम ढांचे, कचरा प्रबंधन और रेलवे जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं।

भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे

मोदी मंगलुरु में 850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने भारत के सबसे बड़े भूमिगत एलपीजी भंडारण केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस केंद्र की भंडारण क्षमता 80,000 मीट्रिक टन है। इससे भारत की एलपीजी भंडारण व्यवस्था मजबूत होगी। प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नए सिरे से विकसित चार रेलवे स्टेशनों- चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड का भी उद्घाटन करेंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article