शहर

गाजियाबाद में फिर घर-घर आएंगे BLO, SIR में कट गया था नाम तो अब मिलेगा एक और मौका, जानें पूरा प्रोसेस

गाजियाबाद में 17 से 30 नवंबर तक मतदाता सूची सुधार अभियान चलेगा। इस दौरान BLO घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और SIR के बाद सूची से हटे नामों वाले पात्र मतदाताओं की पहचान करेंगे।

Image

गाजियाबाद में 17 नवंबर से मतदाता सूची सुधार अभियान (सांकेतिक फोटो)

Photo : PTI

गाजियाबाद में उन मतदाताओं के लिए राहत भरी खबर है, जिनके नाम SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची (Voter List) से कट गए थे। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे छूटे हुए मतदाताओं को जोड़ने और सूची में सुधार के लिए 17 नवंबर से 30 नवंबर तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर लोगों का सत्यापन करेंगे और नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ेंगे। अभियान के दौरान खास तौर पर उन पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले वोटर लिस्ट में थे, लेकिन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद तैयार सूची में नहीं मिल रहे हैं।

SIR में कटे थे लाखों लोगों के नाम

दरअसल, गाजियाबाद में SIR के दौरान मतदाता सूची से लगभग 5.7 लाख नाम हटाए गए थे। यह जिले के कुल मतदाताओं का लगभग 20.2% हिस्सा था। साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 3.16 लाख नाम हटाए गए थे, जो प्रदेश में किसी एक विधानसभा क्षेत्र में हुई सबसे बड़ी कटौती थी। अब नए अभियान के दौरान ऐसे लोगों को अपना नाम दोबारा जुड़वाने का मौका मिलेगा, बशर्ते वे मतदाता बनने की पात्रता पूरी करते हों।

17 नवंबर से शुरू होगा घर-घर सर्वे

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने स्पष्ट किया है कि सर्वे के काम में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान BLO रोज घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी जुटाएंगे। उन्हें प्रतिदिन 35 घरों तक पहुंचने का लक्ष्य दिया गया है। डीएम ने अधिकारियों से अपनी ओर से 50 घरों तक पहुंचने की कोशिश करने का निर्देश दिया है। उन्होंने निर्देश दिया कि BLO ऐप का सही इस्तेमाल करें, रजिस्टर में जानकारी ठीक से दर्ज करें और तय समय में पारदर्शिता के साथ सर्वे पूरा करें। काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नाम जुड़वाने के लिए क्या करना होगा?

जिन पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन किया जा सकता है।

  • ऑनलाइन आवेदन: पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
  • आधार कार्ड: केवल आधार कार्ड होने पर भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
  • ऑफलाइन आवेदन: ऑफलाइन फॉर्म जमा करते समय पासपोर्ट साइज फोटो देनी होगी।
  • नए मतदाता: जिन युवाओं की उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है या जो 1 जनवरी 2027 तक 18 साल के हो जाएंगे, वे भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
  • दूसरे राज्यों और जिलों से आकर गाजियाबाद में रहने वाले पात्र नागरिक भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।

इन तारीखों पर बूथों पर मौजूद रहेंगे BLO

अभियान के दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों BLO अपने-अपने बूथों पर बैठकर लोगों के आवेदन लेंगे। इसके अलावा राशन डीलरों, स्कूल-कॉलेजों, औद्योगिक संगठनों और RWA की मदद से लोगों को जागरूक किया जाएगा।

खुद ऐसे करें चेक

जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे ECI NET ऐप डाउनलोड करके घर बैठे मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम आसानी से जांच सकते हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article