Black Coffee and Dark Chocolate: आजकल वजन कम करने के लिए लोग कई तरह के उपाय आजमाते हैं। कोई ग्रीन टी पीता है तो कोई अलग-अलग डाइट फॉलो करता है। सोशल मीडिया पर इन दिनों ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट का कॉम्बिनेशन भी काफी चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि यह जोड़ी शरीर की जिद्दी चर्बी कम करने में मदद कर सकती है। लेकिन क्या सच में ऐसा है?
हेल्थ इन्फ्लुएंसर और क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. शिखा सिंह के मुताबिक, ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट का कॉम्बिनेशन सिर्फ स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी फायदेमंद हो सकता है। हालांकि इसे कोई जादुई नुस्खा समझना सही नहीं होगा। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यह कॉम्बिनेशन शरीर पर क्या असर डालता है।
शरीर की चर्बी कम करने में कैसे मदद कर सकता है
डॉ. शिखा सिंह बताती हैं कि ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट साथ लेने पर शरीर की कैलोरी खर्च करने की प्रक्रिया को थोड़ा बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा यह शरीर में अतिरिक्त फैट जमा होने की रफ्तार को भी कम कर सकता है। यही वजह है कि वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शादी से पहले सिकल सेल ट्रेट टेस्ट क्यों है जरूरी, जानिए डॉक्टर की सलाह
बार-बार भूख लगने की समस्या हो सकती है कम
डाइटिंग के दौरान सबसे बड़ी परेशानी बार-बार कुछ खाने का मन होना है। एक्सपर्ट के अनुसार, यह कॉम्बिनेशन पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। इससे बार-बार स्नैकिंग करने की आदत कम हो सकती है और मीठा या तला-भुना खाने की इच्छा भी कुछ हद तक कंट्रोल में रह सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सिकल सेल और एनीमिया में क्या फर्क है, कौन सी बीमारी ज्यादा खतरनाक हो सकती है
शरीर को अंदर से भी मिल सकता है फायदा
ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट में ऐसे प्राकृतिक तत्व मौजूद होते हैं जो शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले कणों से लड़ने में मदद करते हैं। आसान शब्दों में कहें तो ये शरीर को अंदर से स्वस्थ रखने और रोजमर्रा की थकान व तनाव के असर को कम करने में मदद कर सकते हैं। साथ ही शरीर में होने वाली सूजन को कम करने में भी इनकी भूमिका मानी जाती है।
दिल और ब्लड शुगर के लिए भी हो सकता है अच्छा
डॉ. शिखा सिंह के मुताबिक, यह कॉम्बिनेशन दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसके अलावा यह शरीर में शुगर को बेहतर तरीके से इस्तेमाल करने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि इसे डायबिटीज और हार्ट हेल्थ के नजरिए से भी अच्छा माना जाता है। हालांकि किसी भी बीमारी में डॉक्टर की सलाह के बिना सिर्फ इसी पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
सही तरीके से लेना है बेहद जरूरी
एक्सपर्ट सलाह देती हैं कि डार्क चॉकलेट लेते समय ज्यादा कोको वाली चॉकलेट चुनें। वहीं ब्लैक कॉफी में चीनी या गुड़ मिलाने से बचें, क्योंकि इससे अतिरिक्त कैलोरी बढ़ सकती है। आप इसे सुबह के नाश्ते और दोपहर के खाने के बीच या शाम के हल्के स्नैक के रूप में ले सकते हैं। लेकिन अगर आपको रात में नींद आने में दिक्कत होती है तो शाम के बाद कॉफी पीने से बचना बेहतर रहेगा।
गांठ बांध लें ये बात
ब्लैक कॉफी और डार्क चॉकलेट का कॉम्बिनेशन वजन कम करने की यात्रा में मददगार साबित हो सकता है। यह भूख को कंट्रोल करने, अनहेल्दी क्रेविंग्स कम करने और शरीर को कुछ जरूरी फायदे देने में सहायक हो सकता है। लेकिन सिर्फ इसे खाने या पीने से वजन नहीं घटेगा। अच्छा खानपान, नियमित एक्सरसाइज और सक्रिय जीवनशैली ही वजन कम करने का सबसे असरदार तरीका है।
