उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SSR) को लेकर बीजेपी ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की आशंका जताए जाने के बाद पार्टी इस मुद्दे पर सक्रिय हो गई है। शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बीजेपी की अहम बैठक होगी। सुबह 10 बजे होने वाली इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे।
बैठक में जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर संगठन की रणनीति पर चर्चा होगी। पार्टी की योजना अभियान चलाकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाने की है। इसके लिए जिला और बूथ स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी तय की जा सकती है। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं की भूमिका और अभियान की रूपरेखा पर भी मंथन होगा।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: 2047 तक भारत को 'विकसित राष्ट्र' बनाने की समय-सीमा है- दिवाली मिलन समारोह में बोले पीएम मोदी
सपा की अहम बैठक, संभावित उम्मीदवारों और चुनावी मुद्दों पर भी होगी चर्चा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव वरिष्ठ नेताओं और विधानसभा अध्यक्ष के साथ अहम बैठक करेंगे। बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SSR), जातीय समीकरण और आगामी विधानसभा चुनाव के संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा चुनाव में विपक्ष के प्रमुख मुद्दों, संगठन की तैयारियों और बूथ स्तर पर रणनीति को लेकर भी मंथन हो सकता है। बैठक के बाद अखिलेश यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह मतदाता सूची पुनरीक्षण और 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट कर सकते हैं।
अखिलेश यादव शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। सपा की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 13 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे पार्टी मुख्यालय, 19 विक्रमादित्य मार्ग पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। माना जा रहा है कि अखिलेश यादव इस दौरान उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SSR), वोटर लिस्ट से जुड़े विवाद और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर पार्टी का पक्ष रख सकते हैं। इसके अलावा प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और बीजेपी सरकार को लेकर भी अखिलेश यादव अपनी बात रख सकते हैं।
