हेल्थ

क्या ज्यादा पानी पीना बचा सकता है डायबिटीज के मरीजों की किडनी? डॉक्टर ने बताई इस दावे की सच्चाई

Does Drinking More Water Prevent Kidney Damage : कई लोग ऐसा मानते हैं कि अगर डायबिटीज के मरीज ज्यादा पानी पीते हैं तो उनकी किडनी सुरक्षित हो जाती है। यह दावा कितना सत्य है आइए डॉक्टर से जानते हैं।

Image

क्या शुगर के मरीजों को ज्यादा पानी पीना चाहिए_

Does Drinking More Water Prevent Kidney Damage : डायबिटीज के मरीजों को किडनी की सेहत का खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि क्या ज्यादा पानी पीने से किडनी को नुकसान से बचाया जा सकता है? क्या अधिक मात्रा में पानी पीना डायबिटिक किडनी डिजीज का खतरा कम कर सकता है? आकाश हेल्थकेयर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, द्वारका में नेफ्रोलॉजी और किडनी ट्रांसप्लांट विभाग के डायरेक्टर एवं एचओडी डॉ. उमेश गुप्ता के मुताबिक, किडनी की सेहत के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी पीने से डायबिटीज के कारण होने वाले किडनी डैमेज को रोका नहीं जा सकता है। इसके लिए शरीर को पर्याप्त हाइड्रेटेड रखना जरूरी है, न कि जरूरत से अधिक पानी पीना।

डायबिटीज में कैसे प्रभावित होती है किडनी?

डॉ. उमेश गुप्ता के अनुसार, लंबे समय तक ब्लड शुगर का स्तर बढ़ा रहने से किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। किडनी में मौजूद छोटी-छोटी रक्त वाहिकाएं खून को फिल्टर करके अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने का काम करती हैं। लगातार बढ़ा हुआ ब्लड ग्लूकोज इन रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे धीरे-धीरे किडनी की फिल्टर करने की क्षमता प्रभावित होने लगती है। इस स्थिति को डायबिटिक किडनी डिजीज या डायबिटिक नेफ्रोपैथी कहा जाता है। जब ब्लड शुगर ठीक से कंट्रोल नहीं रहती, तो किडनी पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में नियमित निगरानी और बचाव से जुड़ी देखभाल जरूरी हो जाती है।

किडनी के लिए कितना जरूरी है पर्याप्त पानी पीना?

डॉक्टर के मुताबिक, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर में सामान्य ब्लड सर्कुलेशन बनाए रखने और किडनी की कार्यप्रणाली को सपोर्ट करने में मदद मिलती है। किडनी यूरिन के जरिए शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालती है। वहीं, शरीर में पानी की कमी होने पर किडनी तक पहुंचने वाला ब्लड फ्लो कम हो सकता है। इससे एक्यूट किडनी इंजरी का खतरा बढ़ सकता है। डायबिटीज के उन मरीजों के लिए यह स्थिति ज्यादा महत्वपूर्ण है, जिनकी किडनी पहले से प्रभावित है।

क्या ज्यादा पानी पीना भी हो सकता है नुकसानदायक?

डॉ. उमेश गुप्ता के अनुसार, जरूरत से ज्यादा पानी पीना डायबिटिक किडनी डिजीज का समाधान नहीं है। एडवांस किडनी डिजीज या दिल से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के शरीर में अतिरिक्त पानी बाहर निकालने की क्षमता कम हो सकती है। ऐसे में अधिक पानी पीने से शरीर में फ्लूइड जमा हो सकता है। इसके कारण सूजन और दूसरी जटिलताएं हो सकती हैं। इस कारण सिर्फ किडनी को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जरूरत से ज्यादा पानी पीना सही तरीका नहीं है।

डायबिटीज में किडनी को सुरक्षित रखने के लिए क्या करें

किडनी को सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी तरीका ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखना है। इसके साथ संतुलित डाइट अपनाना, शारीरिक रूप से सक्रिय रहना और नियमित रूप से किडनी की जांच कराना भी जरूरी है। डायबिटीज के मरीजों को किडनी की स्थिति का आकलन करने के लिए सीरम क्रिएटिनिन, ईजीएफआर (eGFR) और यूरिन एल्ब्यूमिन-टू-क्रिएटिनिन रेशियो (UACR) जैसी जांच करानी चाहिए। इन जांचों से किडनी की कार्यक्षमता और पेशाब में एल्ब्यूमिन की मौजूदगी का पता लगाने में मदद मिलती है।

अपनी मर्जी से पानी की मात्रा न बढ़ाएं किडनी के मरीज

डायबिटीज के हर मरीज के लिए पानी की जरूरत एक जैसी नहीं होती है। मरीजों को अपनी व्यक्तिगत जरूरत के अनुसार पानी की मात्रा तय करने के लिए डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। खासतौर पर जिन लोगों को पहले से किडनी या दिल से जुड़ी समस्या है, उन्हें अपनी फ्लूइड जरूरत के बारे में हेल्थकेयर प्रोवाइडर से बात करनी चाहिए।

डॉक्टर का कहना है कि पर्याप्त पानी पीना किडनी की सेहत को सपोर्ट करता है, लेकिन डायबिटीज के कारण होने वाले किडनी डैमेज से बचाव के लिए सिर्फ पानी की मात्रा बढ़ाना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर का नियंत्रण, संतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधि और नियमित किडनी जांच को शामिल करते हुए पूरी डायबिटीज मैनेजमेंट पर ध्यान देना जरूरी है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article