टेक एंड गैजेट्स

इन Jio यूजर्स की कभी भी बंद हो सकती है इनकमिंग, SMS भी नहीं आएंगे, कंपनी ने दी चेतावनी

Jio बिना रिचार्ज वाले यूजर्स की इनकमिंग कॉल और SMS सेवा बंद कर सकती है। जानें क्या है पूरा मामला और कितने रुपये से शुरू होते हैं वॉयस ओनली प्लान।

Image

सिर्फ कॉल नहीं, SMS भी हो सकते हैं बंद

अगर आप भी Jio का सिम बिना रिचार्ज कराए लंबे समय तक चालू रखते हैं, तो अब आपकी यह आदत महंगी पड़ सकती है। अभी तक रिचार्ज खत्म होने के बाद भी फोन पर इनकमिंग कॉल आती रहती थी, लेकिन अब इस सुविधा पर भी संकट मंडराता दिख रहा है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, Jio ऐसे यूजर्स की इनकमिंग कॉल और SMS सेवा बंद कर सकती है, जिनका रिचार्ज प्लान लंबे समय से एक्सपायर है। हालांकि, कंपनी की ओर से इस बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। फिलहाल यह जानकारी एक टिपस्टर के दावे और यूजर्स को भेजे जा रहे कथित अलर्ट मैसेज पर आधारित है।

Jio भेज रही है रिचार्ज कराने का अलर्ट मैसेज

टिपस्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक SMS का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। यह मैसेज Jio के नाम से भेजा गया है। इसमें यूजर को बताया गया है कि उसका पिछला रिचार्ज प्लान एक्सपायर हो चुका है और सिम पर आने वाली कॉल कभी भी बंद हो सकती हैं।

मैसेज में यूजर को दोबारा रिचार्ज कराने की सलाह दी गई है, ताकि उसकी कनेक्टिविटी बनी रहे। यानी अगर आप सोच रहे हैं कि रिचार्ज खत्म होने के बाद भी मुफ्त में इनकमिंग कॉल का मजा लेते रहेंगे, तो आपकी यह उम्मीद टूट सकती है।

सिर्फ कॉल नहीं, SMS भी हो सकते हैं बंद

टिपस्टर के दावे के मुताबिक, Jio केवल इनकमिंग कॉल ही नहीं, बल्कि रिचार्ज की वैलिडिटी खत्म होने के बाद आने वाले SMS भी बंद कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो बिना रिचार्ज के सिम चालू रखने वाले यूजर्स को परेशानी हो सकती है।

खासकर उन लोगों को दिक्कत होगी, जो अपने किसी दूसरे नंबर को सिर्फ बैंक के OTP, जरूरी मैसेज या कभी-कभार आने वाली कॉल के लिए चालू रखते हैं। हालांकि, यह साफ नहीं है कि कंपनी किस अवधि तक रिचार्ज नहीं कराने पर इन सेवाओं को बंद करेगी।

सस्ते रिचार्ज प्लान भी हैं मौजूद

Jio ने हाल ही में केवल वॉयस कॉल और SMS की सुविधा देने वाले कुछ सस्ते प्लान पेश किए हैं। इनमें 147 रुपये, 177 रुपये, 196 रुपये और 197 रुपये वाले प्लान शामिल हैं। इनकी वैलिडिटी क्रमशः 22 दिन, 28 दिन, 30 दिन और एक कैलेंडर महीने की है। इन प्लान को खास तौर पर उन ग्राहकों के लिए पेश किया गया है, जिन्हें इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती और वे केवल कॉलिंग व SMS के लिए रिचार्ज करना चाहते हैं।

TRAI के निर्देश के बाद आए वॉयस ओनली प्लान

Jio के इन वॉयस ओनली प्लान को टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के निर्देशों के बाद पेश किया गया है। TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों से ऐसे स्पेशल टैरिफ वाउचर उपलब्ध कराने को कहा था, जिनमें केवल वॉयस कॉल और SMS की सुविधा हो।

फिलहाल Jio की ओर से इनकमिंग कॉल और SMS बंद करने को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। ऐसे में यूजर्स को घबराने के बजाय कंपनी की आधिकारिक जानकारी पर नजर रखनी चाहिए।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article