इलेक्शन

2024 Election: महाराष्ट्र के वो बड़े सियासी चेहरे जिन्होंने कांग्रेस का हाथ छोड़ थामा विपक्ष का दामन

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 12, 2024, 03:24 PM IST

महाराष्ट्र में 2024 में ही विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इसके अलावा इसी साल लोकसभा चुनाव में होने हैं। ऐसे में कांग्रेस को बड़े नुकसान हुए हैं और वह कमजोर पड़ी है।

Image

कांग्रेस के इन दिग्गजों ने छोड़ी पार्टी

Congress Leaders Left Party: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस को झटके पर झटके लगने का सिलसिला जारी है। एक तरफ जहां इंडिया ब्लॉक से नेताओं और पार्टियों द्वारा नाता तोड़ने का सिलसिला जारी है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की अपनी पार्टी में टूट-फूट मची हुई है। खास तौर पर महाराष्ट्र में उसके एक के बाद तीन बड़े विकेट गिरे हैं। इस बार जिस नेता ने पार्टी से नाता तोड़ा है वह हैं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण। इस नेता के जाने से पार्टी की किरकिरी तो हो ही रही है, उसकी ताकत भी बेहद घट गई है। आइए जानते हैं कि पिछले कुछ समय के दौरान महाराष्ट्र के किन बड़े कांग्रेस नेताओं ने पार्टी का साथ छोड़ा है।

अशोक चह्वाण

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका देते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण ने आज पार्टी से इस्तीफा दे दिया। ऐसी अटकलें हैं कि वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को लिखे एक पत्र में चह्वाण ने कहा कि वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को भी विधायक के रूप में अपना इस्तीफा सौंपा। चह्वाण मराठावाड़ा क्षेत्र में नांदेड क्षेत्र से आते हैं। उनके पिता दिवंगत शंकरराव चह्वाण भी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे।

मिलिंद देवड़ा

14 जनवरी 2024 को मुंबई के दिग्गज नेताओं में शुमार मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। यूपीए-2 के कार्यकाल में मिलिंद देवड़ा कुछ समय के लिए केंद्रीय मंत्री भी रह चुके थे। उन्होंने एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना का हाथ थामा था। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा था- आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।

बाबा सिद्दीकी

लोकसभा चुनाव-2024 से पहले 8 फरवरी 2014 को कांग्रेस को महाराष्ट्र में एक और बड़ा झटका लगा। दशकों तक कांग्रेस में रह चुके बाबा सिद्दीकी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। बाबा सिद्दीकी ने सोशल मीडिया पर लिखा, मैं एक युवा किशोर के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ और यह 48 वर्षों तक चलने वाली एक महत्वपूर्ण यात्रा रही है। आज मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (INC) की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं।

कांग्रेस को होगा बड़ा नुकसान

खास बात है कि महाराष्ट्र में 2024 में ही विधानसभा चुनाव भी होने हैं। इसके अलावा इसी साल लोकसभा चुनाव में होने हैं। ऐसे में कांग्रेस से बड़े-बड़े नेताओं की विदाई ने उसे 2024 लोकसभा चुनाव की लड़ाई में बेहद कमजोर कर दिया है। बाबा सिद्धीकी और मिलिंद देवड़ा के जाने से कांग्रेस खास तौर पर मुंबई में बेहद कमजोर होगी। वहीं, अशोक चह्वाण का साथ छोड़ने से पार्टी को नांदेड़ क्षेत्र में बड़ा नुकसान होगा।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article