नया स्कूल, नई कॉपियां, नए दोस्त और एक नया सफर! बच्चे के एडमिशन को लेकर माता-पिता के दिलों में जहां एक तरफ उत्साह होता है, वहीं दूसरी तरफ कागजी कार्रवाई को लेकर थोड़ी टेंशन भी होती है। इसी कागजी भागदौड़ में एक नाम सबसे ज्यादा सुनाई देता है, और वो नाम है 'TC' यानी 'ट्रांसफर सर्टिफिकेट।' कभी-कभी यह छोटा सा दिखने वाला कागज का टुकड़ा अभिभावकों के लिए बड़ी सिरदर्दी बन जाता है। ऐसा तब होता है, जब उन्हें टीसी (TC) के महत्व और आवश्यकता के बारे पता नहीं होता या फिर पुराना स्कूल इसे देने में आनाकानी करने लगता है। इससे कारण कई बार एडमिशन कैंसिल होने की स्थिति आ जाती है। अगर आप भी अपने बच्चे के स्कूल बदलने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए यह स्टोरी काम की साबित हो सकती है।
टीसी क्या होता है? (What is Transfer Certificate)
टीसी क्यों जरूरी है और स्कूल से इसे कैसे लें, यह जानने से जरूरी है कि TC यानी ट्रांसफर सर्टिफिकेट (Transfer Certificate) होता क्या है। आसान भाषा में कहें तो यह आपके बच्चे का 'स्कूल पासपोर्ट' है। इंग्लिश में ट्रांसफर सर्टिफिके और हिंदी में इसे 'स्थानांतरण प्रमाण पत्र' कहते हैं। यह स्कूल द्वारा जारी किया जाने वाला एक ऑफिशियल डॉक्यूमेंट है, जो इस बात का लिखित पेपर है कि छात्र ने स्कूल छोड़ दिया है। इस सर्टिफिकेट में बच्चे का नाम, जन्मतिथि, उसकी आखिरी क्लास का रिजल्ट और स्कूल में उसका व्यवहार कैसा था, जैसी बेहद महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - DU PG Admission 2026: डीयू पीजी एडमिशन की पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट इस दिन होगा जारी, यहां देखें पूरा शेड्यूल
टीसी का क्या महत्व है?
टीसी सिर्फ रिकॉर्ड रखने का जरिया नहीं है, बल्कि यह बच्चे के शैक्षणिक इतिहास (Academic History) का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण सबूत होता है। यह छात्र के नए स्कूल को इस बात का भरोसा दिलाता है कि बच्चा कानूनी और सही तरीके से अपनी पढ़ाई में आगे बढ़ रहा है और साथ ही पिछले स्कूल में बच्चे का कोई पुराना हिसाब-किबात नहीं बचा है, सब क्लियर है।
नए स्कूल में एडमिशन के लिए क्यों जरूरी है टीसी?
भारत के शिक्षा नियमों के अनुसार, किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल की अगली कक्षा में प्रवेश पाने के लिए टीसी देना अनिवार्य है। लेकिन सवाल यह है कि टीसी अनिवार्य है क्यों? क्या इसके बिना काम नहीं चल सकता? आइए पॉइंट में इसे समझते हैं-
- नए स्कूल को यह जानने के लिए टीसी की जरूरत पड़ती है कि बच्चे ने पिछली क्लास पास कर ली है और वह अगली क्लास में बैठने के लिए पूरी तरह तैयार है।
- देश में कोई भी छात्र एक ही समय पर दो अलग-अलग स्कूलों का छात्र नहीं हो सकता। टीसी इस बात की गारंटी होती है कि छात्र का पुराना नामांकन खत्म हो चुका है।
- कक्षा 9वीं और 11वीं में आते ही बोर्ड रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इस दौरान टीसी की डिटेल्स बोर्ड के पोर्टल पर दर्ज करना जरूरी होता है, नहीं तो छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - बिहार की बेटी को मिला 41.37 लाख का पैकेज, IIT-IIM नहीं, इस इंस्टीट्यूट से की है पढ़ाई
टीसी कहां से मिलता है?
इसका रास्ता बेहद सीधा है, टीसी हमेशा उसी स्कूल से मिलेगी जहां बच्चा वर्तमान में पढ़ रहा है। टीसी लेने के लिए पेरेंट्स को स्कूल के प्रिंसिपल के नाम पर एक लिखित एप्लिकेशन देना होता है। जैसे ही आप स्कूल के सारे बकाये क्लियर करके 'नो ड्यूज' (No Dues) सर्टिफिकेट लेते हैं, स्कूल प्रशासन आमतौर पर 3 से 7 दिनों के भीतर टीसी आपके हाथ में सौंप देता है। उसके बाद आप दूसरे स्कूल में इसे सबमिट कर अपने बच्चे का एडमिशन करवा सकते हैं।
अगर स्कूल टीसी ना दे तो क्या करें?
कई बार अभिभावकों के सामने एक ऐसी स्थिति आती है, जिसमें स्कूल बच्चे का टीसी देने में आनाकानी करने लगता है। इसके पीछे कई बार फीस के विवाद, किसी आपसी मतभेद या स्कूल की मनमानी होती है, जिसमें मैनेजमेंट बच्चे की टीसी रोकने की धमकी देता है या उसे अटका देता है। ऐसे में माता-पिता पैनिक होने लगते हैं, लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप विभिन्न तरीकों से अपने बच्चे का टीसी स्कूल से ले सकते हैं और उन्हें बिना मनमानी करें टीसी देना पड़ेगा।
लिखित में मांगें जवाब: अगर स्कूल टीसी देने से मना करे, तो उनसे इसका कारण लिखित में मांगें, क्योंकि मौखिक बातों की कानूनी अहमियत नहीं होती।
शिक्षा विभाग दरवाजा खटखटाएं: 'शिक्षा का अधिकार कानून' साफ कहता है कि कोई भी स्कूल किसी बच्चे की टीसी रोककर उसकी पढ़ाई बाधित नहीं कर सकता। ऐसे में आप शिक्षा विभाग या खंड शिक्षा अधिकारी के पास लिखित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। शिक्षा विभाग के एक नोटिस पर स्कूल को बच्चे का टीसी जारी करना ही पड़ेगा और उसकी मनमानी नहीं चलेगी।
'प्रोविजनल एडमिशन' का सहारा: जब तक टीसी को लेकर पुराने स्कूल से कानूनी लड़ाई चल रही हो, उस दौरान आप नए स्कूल में बातकर बच्चे का प्रोविजनल एडमिशन करा सकते हैं। आपको बस नए स्कूल को स्थिति समझानी है और टीसी जमा करने के लिए कुछ हफ्तों या महीने का समय लेना है, ताकि बच्चे की पढ़ाई का नुकसान न हो।
