एजुकेशन

Canada में पढ़ाई के लिए भारतीय छात्रों के लिए क्या है नियम, कौन कर सकता है आवेदन

Canada Visa Rule For Indian Students: कानडा से पढ़ाई का सपना देखने वाले सैकड़ों छात्र एडमिशन लेते हैं, लेकिन वीजा नियमों की समझ में कमी के कारण कई छात्र दाखिले के बाद भी पढ़ाई नहीं कर पाते। तो आइए आज आपको कनाडा के स्टूडेंट वीजा के बारे में बताएं।

Image

Canada Student Visa Rules (Photo - AI)

Canada Visa Rule For Indian Students: विदेश जाकर पढ़ाई करने का सपना भारत के अधिकांश छात्रों का है। क्वालिटी एजुकेशन, सुरक्षित माहौल और वैश्विक करियर के अवसरों के कारण कनाडा (Canada) हमेशा से भारतीय छात्रों की पहली पसंद रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय में कनाडाई सरकार (IRCC) ने अपनी आव्रजन नीति और स्टडी परमिट के नियमों में कई बड़े बदलाव किए हैं। ऐसे में यदि आप भी उन भारतीय छात्रों में से एक हैं, जो कनाडा के किसी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में दाखिला लेकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने की योजना बना रहे हैं, तो आवेदन करने से पहले आपको वीजा के नए नियमों, वित्तीय शर्तों और पात्रता मानदंडों को अच्छी तरह समझ लेने की जरूरत है। तो आइए आपको इसके बारे में विस्तार से बताएं -

कनाडा में पढ़ाई के लिए नए नियम

कनाडा सरकार ने अंतरराष्ट्रीय छात्र जो उनके देश में आकर शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, उनके लिए नए नियम लागू किए हैं, जिसके बारे में हर उस छात्र का जानना जरूरी है, जो यहां पढ़ाई करना चाहते हैं।

स्टडी परमिट कैप: कनाडा सरकार ने नए स्टडी परमिट जारी करने के लिए एक राष्ट्रीय सीमा (National Cap) तय कर दी है। इसके तहत अब अंतरराष्ट्रीय छात्रों के प्रवेश को नियंत्रित किया जा रहा है।

प्रोविंशियल अटेस्टेशन लेटर (PAL): डिप्लोमा और ग्रेजुएशन स्तर के कोर्सेज के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को अपने आवेदन फार्म के साथ संबंधित प्रांत से जारी PAL (Provincial Attestation Letter) अटेस्ट करना अनिवार्य है।

मास्टर्स और पीएचडी छात्रों को राहत: पब्लिक्ली फंडेड संस्थानों से मास्टर्स और पीएचडी (PhD) करने वाले छात्रों को PAL की बाध्यता से छूट दी गई है। ऐसे में अगर आप कनाडा से मास्टर्स या पीएचडी करना चाहते हैं तो आपके लाभ में हैं।

प्रूफ ऑफ फंड: लिविंग कॉस्ट की पूर्ति के लिए छात्रों को अब गारंटीड इन्वेस्टमेंट सर्टिफिकेट (GIC) के रूप में न्यूनतम CAD $ 22,895 यानी लगभग 15.2 लाख रुपये की राशि कनाडाई बैंक में दिखानी होगी। बता दें कि यह पहले की तुलना में अधिक है।

फास्ट-ट्रैक SDS बंद: पूर्व में भारतीय छात्रों के लिए चलने वाला 'Student Direct Stream' (SDS) को बंद कर दिया गया है। अब सभी छात्रों को सामान्य आवेदन प्रक्रिया के तहत ही अप्लाई करना होगा, जिसमें 8 से 12 सप्ताह का समय लग सकता है।

कौन कर सकता है आवेदन?

कनाडा के स्टडी परमिट के लिए आवेदन करने हेतु उम्मीदवार को निम्नलिखित शर्तें पूरी करनी होंगी:

- कनाडाई सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान यानी DLI (Designated Learning Institution) से मिला आधिकारिक लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) होना आवश्यक है।

- पिछले शैक्षणिक स्तर (12वीं या ग्रेजुएशन) में कम से कम 50% से 60% अंक होने चाहिए (अलग-अलग संस्थानों के अनुसार यह भिन्न हो सकता है)।

- अंग्रेजी भाषा पर अपनी पकड़ साबित करने के लिए IELTS (न्यूनतम 6.0 बैंड), TOEFL, या PTE का स्कोर कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य है।

- प्रथम वर्ष की पूरी ट्यूशन फीस और न्यूनतम रहने का खर्च (GIC) उठाने के लिए पर्याप्त बैंक बैलेंस या एजुकेशन लोन का प्रमाण होना चाहिए।

- आवेदन में स्पष्ट करना होता है कि पढ़ाई पूरी करने के बाद उम्मीदवार अपने गृह देश वापस लौटेगा।

स्टेप-बाय-स्टेप वीजा के लिए ऐसे करें आवेदन

स्टेप 1 - सबसे पहले किसी मान्यता प्राप्त कनाडाई कॉलेज या यूनिवर्सिटी (DLI) में आवेदन करके LOA प्राप्त करें।

स्टेप 2 - संस्थान के माध्यम से अपने कोर्स के लिए प्रोविंशियल अटेस्टेशन लेटर प्राप्त करें (यदि लागू हो)।

स्टेप 3 - कनाडाई बैंक (जैसे Scotiabank, CIBC या ICICI Bank Canada) में GIC खाता खोलकर आवश्यक फंड जमा करें।

स्टेप 4 - कनाडाई आव्रजन (IRCC) की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन प्रोफाइल बनाकर स्टडी परमिट के लिए आवेदन भरें और $150 CAD शुल्क जमा करें।

स्टेप 5 - अपॉइंटमेंट लेकर अपने बायोमेट्रिक विवरण (फिंगरप्रिंट व फोटो) जमा करें और निर्धारित मेडिकल जांच पूरी करें।

स्टेप 6 - समय पर आवेदन करने और सभी कागजात सही रखने से वीजा स्वीकृति की संभावना काफी बढ़ जाती है।

कनाडा जाकर पढ़ाई करने वाले छात्रों को बता दें कि उन्हें वीजा के लिए अप्लाई करते हुए सभी नियमों का पालन करना होगा। एक गलती के कारण उनका वीजा रिजेक्ट हो सकता है। इस स्थिति में भले ही उन्हें कनाडा के संस्थान में प्रवेश मिल गया हो, लेकिन वह वहां पढ़ाई नहीं कर पाएंगे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article