जब भी देश में बड़े पैकेज या शानदार प्लेसमेंट की बात आती है, तो हम सभी के मन में सबसे पहले IIT या IIM जैसे बड़े संस्थानों के नाम आता है। लेकिन इस बार बिहार की एक होनहार बेटी श्रद्धा झा (Shraddha Jha) ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया है। उसने एक अलग संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया और मल्टीनेशनल कंपनी में 41.37 लाख रुपये का भारी भरकम पैकेज प्राप्त किया है, जिसके बाद से वह छात्रों और लोगों में चर्चा का केंद्र बन गई है।
जानिए कहां से की है बिहार की श्रद्धा झा ने पढ़ाई
आईआईटी या आईआईएम के बिना किसी अन्य संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल कोई छोटी सी बात नहीं है। बता दें कि बिहार की श्रद्धा ने कहीं और से नहीं, बल्कि अपने ही राज्य में रह कर यहां के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) पटना से अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। वह एनआईटी पटना के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विभाग के आठवें सेमेस्टर की छात्रा हैं। संस्थान में हुई प्लेसमेंट ड्राइव में हिस्सा लेकर उन्होंने इतना भारी-भरकम पैकेज प्राप्त किया है। श्रद्धा की इसका मयाबी से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे संस्थान में गर्व और उत्साह का माहौल है। उनकी यह सफलता कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों के लिए बड़ी प्रेरणा बन गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - कैसे फुलप्रूफ बनी UP पुलिस भर्ती परीक्षा, AI कैमरे, बायोमेट्रिक और फेस वेरिफिकेशन सहित इन तकनीक का हुआ इस्तेमाल
टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स से मिला इतना बड़ा ऑफर
श्रद्धा झा को यह शानदार नौकरी दुनिया की नामचीन सेमीकंडक्टर निर्माता कंपनी 'टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स' की ओर से ऑफर की गई। कंपनी ने उन्हें 41.37 लाख रुपये के सालाना पैकेज पर रखा है, जो इस पूरे प्लेसमेंट सीजन का अब तक का सबसे हाईएस्ट पैकेज है। इसमें सबसे दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल (2025) में भी एनआईटी पटना का सबसे हाईएस्ट पैकेज 41.37 लाख गया था और इस साल भी हाईएस्ट पैकेज उतना ही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -12वीं पास, उम्र 19 साल... CBSE पोर्टल को हैक करने वाले निसर्ग अधिकारी की लगी लॉटरी, IIT कानपुर ने दिया नौकरी का ऑफर?
एनआईटी पटना में प्लेसमेंट की धूम
एनआईटी पटना में पढ़ने वाली केवल श्रद्धा ही नहीं, बल्कि इस साल अन्य छात्रों का प्रदर्शन भी शानदार देखने को मिला है। संस्थान द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष प्लेसमेंट ड्राइव के लिए कुल 653 छात्रों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से करीब 550 छात्रों को नामी कंपनियों से नौकरी के ऑफर मिले हैं। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि NIT Placement और शिक्षा के मामले में आईआईटी और आईआईएम को टक्कर दे रहा है।
