क्राइम

श्रद्धा, निक्की, मेघा : 3 प्रेम कहानियों का दुखद अंत, प्रेमी ही निकले कातिल

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Feb 16, 2023, 10:50 AM IST

Nikki Yadav Murder Case : दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के मित्रांव गांव के रहने वाले साहिल गहलोत ने कथित रूप से अपनी लिव इन पार्टनर निक्की यादव की हत्या की। साहिल ने अपने मोबाइल फोन के डाटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया और फिर उसके शव को नजफगढ़ इलाके में स्थित अपने ढाबे के फ्रिज में लाकर छिपा दिया।

Image

एक जैसे तीन हत्याकांड से सहमा देश।

Nikki Yadav Murder Case : देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं नई बात नहीं है लेकिन हाल के दिनों की अपराध की कुछ घटनाओं ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। श्रद्धा वालकर मर्डर केस के बाद दो अन्य महिलाओं की बेदर्दी से हत्या की गई और उनके लाश को ठिकाने लगाया गया। हैरान और परेशान करने वाली बात यह है कि इन तीनों ही हत्याओं में एक बात कॉमन है। इन तीनों लड़कियों के हत्यारे कोई और नहीं बल्कि उनके प्रेमी हैं। मई 2022 में श्रद्धा के लिव इन पार्टनर ने उसे मारकर उसके शव के 35 टुकड़ कर दिए। शव के टुकड़ों को उसने दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर फेंका।

गत 9-10 फरवरी की दरम्यानी रात दिल्ली के नजफगढ़ इलाके के एक ढाबे के फ्रिज में निक्की यादव का शव बरामद हुआ। निक्की की हत्या भी उसके प्रेमी ने की। रूह कंपाने वाली तीसरी घटना महाराष्ट्र के पालघर से सामने आई है। यहां मेघा नाम की लड़की का शव उसके बेड से बरामद हुआ। मेघा की हत्या भी उसके प्रेमी ने की है।

निक्की यादव

दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के मित्रांव गांव के रहने वाले साहिल गहलोत ने कथित रूप से अपनी लिव इन पार्टनर निक्की यादव की हत्या की। साहिल ने अपने मोबाइल फोन के डाटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया और फिर उसके शव को नजफगढ़ इलाके में स्थित अपने ढाबे के फ्रिज में लाकर छिपा दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि अपनी प्रेमिका की हत्या करने के कुछ घंटों बाद ही साहिल ने दूसरी लड़की से शादी की। पुलिस का कहना है कि निक्की की हत्या करने से पहले साहिल उसे कश्मीरी गेट लेकर गया था। साहिल ने उसे बताया था कि वे किसी हिल स्टेशन घूमने जा रहे हैं। साहिल और निक्की एक दूसरे से साल 2018 में उत्तम नगर में मिले थे। दोनों यहां कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करते थे। बाद में दोनों एक साथ रहने लगे।

मेघा धन सिंह तोरवी

निक्की यादव हत्या मामले में अब सनसनीखेज जानकारी सामने आ ही रही है कि इसी बीच महाराष्ट्र के पालघर में 35 साल की महिला की हत्या ने लोगों को हिलाकर रख दिया। पुलिस ने नालसोपारा से महिला की लाश बरामद की। पुलिस को मेघा नाम की महिला की लाश उसके बेड बॉक्स से मिली। मेघा यहां किराए पर रहती थी। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि उसके घर से बदबू आ रही है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। नर्स का काम करने वाली मेघा की हत्या कथित रूप से उसके लिव इन पार्टनर हार्दिक शाह (27) ने की है। हार्दिक के पास कोई नौकरी नहीं थी। इस बात को लेकर दोनों में नोकझोंक हुआ करती थी। पुलिस का कहना है कि ऐसे ही एक विवाद से परेशान होकर हार्दिक ने मेघा की हत्या कर दी। हालांकि, हार्दिक एवं मेघा ने रीयल स्टेट एजेंट, मकान मालिक और पड़ोसियों को बताया था कि वे शादीशुदा हैं। आरोपी ने भागने से पहले अपनी बहन को हत्या के बारे में बताया था। फरार होने की कोशिश कर रहा हार्दिक हालांकि मंगलवार को पकड़ा गया।

श्रद्धा वालकर

18 मई 2022 को आफताब आमिन पूनावाला (28) ने अपनी लिव इन पार्टनर श्रद्धा वालकर (25) की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव के करीब 35 टुकड़े कर दिए। आफताब ने श्रद्धा के शव के टुकड़ों को अपने किराए के घर में एक नए फ्रिज में छिपाकर रखा और अगले 18 दिनों तक शव के टुकड़ों को महरौली के जंगल में अलग-अलग जगहों पर फेंका। पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दायर किया है। चार्जशीट में कहा गया है कि श्रद्धा की हत्या करने के बाद आफताब की दोस्ती एक अन्य लड़की से हो गई थी। श्रद्धा को आफताब के चाल-चलन पर शक हो गया था। उसे लगने लगा था कि आफताब किसी और लड़की के संपर्क में है। इसे लेकर दोनों के बीच तकरार होती थी।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article