अभी तक बिहार से टावर, रेलवे के इंजन, पटरी, पुल की चोरी की खबरें आती रहती थी, लेकिन ऐसा लगता है कि अमेरिका की पुलिस भी बिहार पुलिस जैसी हो गई है। अमेरिक के अलाबामा में स्थित एक 200 फीट ऊंचा रेडियो स्टेशन गायब हो गया और किसी को पता भी नहीं चला।
जब खामोश हुई आवाज तो चला पता
इस रेडियो स्टेशन के टावर की चोरी के बाद जब रेडियो सेवा बाधित हुई, तब एक क्रू वहां उसकी मेंटेनेंस के लिए पहुंचा। यह टावर एक जंगली इलाके में लगा था। क्रू दल वहां पहुंचा तो देखा कि टावर वहां है ही नहीं। इतना ही नहीं पास की ही एक बिल्डिंग में रखे बाकी उपकरण भी चोरी हो चुके थे। रेडियो स्टेशन के महाप्रबंधक ने कहा कि एक विशाल रेडियो टावर की चोरी ने अलबामा के एक छोटे शहर और आसपास के काउंटी की आवाज को खामोश कर दिया है।
कैसे टावर चुरा ले गए चोर
संदेह है कि टावर का मुख्य तार पहले काटा गया था, जिससे संरचना जमीन पर आ गई होगी। फिर उनका मानना है कि इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा गया और दूर ले जाया गया।
पुलिस के हाथ खाली
इस मामले में अभी तक चोरों को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। पुलिस ने कहा कि चोरी की सूचना पुलिस को 2 फरवरी को दी गई थी, लेकिन अपराध की तारीख और समय ज्ञात नहीं है। पुलिस जनता से क्लू मांग रही है।
