Spicejet Molestation Case: स्पाइसजेट एयरलाइन की एक फ्लाइट में लड़की के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। लड़की ने अपने सहयात्री पर उसके साथ छेड़खानी का आरोप लगाया है। लड़की का आरोप है कि लड़का विंडो सीट छोड़कर उसकी बगल वाली सीट पर बैठा और फिर उसकी जांघे सहलाने लगा। लड़की ने स्पाइसजेट पर भी गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि स्पाइसजेट ने लड़की के आरोपों को खारिज कर दिया है।
स्पाइसजेट की सफाई
26 वर्षीय लड़की ने आरोप लगाया है कि कोलकाता से बागडोगरा जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान में एक सह-यात्री ने उसके साथ छेड़छाड़ की और एयरलाइन ने उसे शिकायत दर्ज न करने के लिए कहा। हालांकि, स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि लड़की बिना कोई लिखित शिकायत दर्ज कराए बागडोगरा हवाईअड्डे से चली गई, जिससे स्पाइसजेट आगे की जांच रोकने पर बाध्य हो गया।
पहले छुआ बांह फिर सहलाने लगा जांघ
महिला के मुताबिक, घटना 31 जनवरी की है, जब वह अपने परिवार के तीन सदस्यों के साथ बागडोगरा जा रही थी। इस दौरान वो जिस सीट पर बैठी वहां बीच की सीट पर एक आदमी बैठा था और खिड़की और गलियारे की सीटें खाली थीं। लड़की ने कहा- "मैंने सोचा कि मैं गलियारे की सीट ले सकती हूं और उस आदमी ने कोई आपत्ति नहीं जताई, इसलिए मैं वहां बैठ गई। उड़ान भरने के 15 मिनट बाद मुझे लगा कि वो मुझे छू रहा है, कुछ देर बाद लड़का मेरी जांघ को छूने और सहलाने लगा। जिसके बाद वो विरोध कर बैठी।"
पीड़िता का स्पाइसजेट पर आरोप
पीड़िता ने कहा कि जब वे बागडोगरा हवाईअड्डे पर उतरे तो वह शिकायत दर्ज कराना चाहती थी लेकिन एयरलाइन स्टाफ और अन्य लोगों ने उसे बताया कि यह एक लंबी प्रक्रिया है और इससे बहुत परेशानी होगी। उन्होंने माफी मांगने के बाद उस लड़के को जाने दिया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि केबिन क्रू ने स्थिति को संभालने के लिए तुरंत हस्तक्षेप किया और सह-यात्री ने किसी भी गलत काम से इनकार किया। महिला यात्री ने सहयात्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सह-यात्री ने सीआईएसएफ कर्मचारियों के सामने माफी मांगी और महिला यात्री बिना कोई लिखित शिकायत दर्ज किए हवाई अड्डे से चली गई, जिससे स्पाइसजेट द्वारा आगे की जांच में बाधा उत्पन्न हुई।
