Patna News: बिहार के पटना में एक दलित महिला सब-इंस्पेक्टर ने शहर के एक पुलिस स्टेशन के एसएचओ पर यौन उत्पीड़न और पिटाई करने का आरोप लगाया है। महिला एसआई का आरोप है कि पिटाई से उसका गर्भपात हो गया। एससी/एसटी पुलिस स्टेशन के प्रभारी राजकुमार ने सोमवार को कहा कि राजधानी पटना के एससी/एसटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता भी उसी थाने में तैनात है। एसआई ने थानेदार पर ड्यूटी के दौरान उसे परेशान करने का आरोप लगाया।
नौकरी से सस्पेंड करने की धमकी देकर दुष्कर्म किया
महिला एसआई ने आरोप लगाया कि एसएचओ ने मुझ पर दबाव डाला कि मैं उसके घर पर आऊं और उसके आदेश के अनुसार काम करूं, नहीं तो वह मुझे ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर देगा। महिला एसआई का आरोप है कि एसएचओ ने उसे ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने इस घिनौनी हरकत का वीडियो भी बनाया और घटना के बारे में किसी को बताने पर उसके पति को भेजने की धमकी दी।
कई बार किया दुष्कर्म, गर्भवती बनाया
महिला एसआई ने यह भी आरोप लगाया कि उसने उसके साथ कई बार बलात्कार किया और वह गर्भवती हो गई। पुलिस अधिकारी राजकुमार ने कहा कि आईपीसी और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसकी मेडिकल जांच मंगलवार को की जाएगी। महिला एसआई ने 2 फरवरी को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी और इस मामले में आगे की जांच की जा रही है। शिकायत में महिला ने एसएचओ पर यौन और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। उसने यह भी जिक्र किया कि पिछले साल सितंबर में एसएचओ द्वारा उसकी पिटाई के बाद उसका गर्भपात हो गया था।
