क्राइम

प्रतिशोध में बेटी को ही मार डाला...रिश्तेदार से थी दुश्मनी, बच्ची से लिखवाया सुसाइड नोट और फिर ले ली जान

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 13, 2022, 09:07 PM IST

पिता ने अपनी दूसरी बेटी के सामने ही बड़ी बेटी को फांसी पर लटका दिया। इस मामले में पोल तब खुली जब आरोपी के मोबाइल से सुसाइड वाली तस्वीरें पुलिस को हाथ लगी। इसके बाद जब पुलिस ने सख्ती से पिता से पूछताछ की तो उसने सारी कहानी कह सुनाई।

Image

पिता ने बेटी को ही मार डाला (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

महाराष्ट्र (Maharashtra) में एक शख्स ने अपने रिश्तेदारों को फंसाने के लिए अपनी ही बेटी को मार डाला। मर्डर भी इस तरीके से किया कि मासूम को समझ भी नहीं आया होगा कि उसके साथ क्या हो गया? पिता ने नाटक करवाते-करवाते ही बेटी को मार डाला।

कहां की है घटना

घटना महाराष्ट्र के नागपुर की है। यहां एक 40 वर्षीय व्यक्ति को अपनी बेटी की हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पिता अपने रिश्तेदारों को इस मामले में फंसाना चाहता था, जिसके लिए उसने एक खौफनाक साजिश रची।

कैसे रची साजिश

पिता ने अपनी बेटी से कहा कि वो एक सुसाइड नोट लिखे, जिसमें उसने लिखवाया कि बच्ची रिश्तेदारों की वजह से सुसााइड कर रही है। इसके बाद पिता ने बेटी से कहा कि वो फांसी लगाने की एक्टिंग करे। ताकि वो फोटो ले सके। इसके बाद बच्ची ने ऐसा ही किया, लेकिन जब पिता ने सुसाइड वाली फोटो ले ली तो उसने स्टूल को धक्का दे दिया, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने क्या कहा

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नागपुर शहर के कलामना इलाके में छह नवंबर को 16 वर्षीय लड़की अपने घर के पंखे से लटकी मिली थी। कलामना थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कमरे में मिले पांच सुसाइड नोट के आधार पर उसकी सौतेली मां, चाचा, मौसी और दादा-दादी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था, लेकिन जांच के दौरान पीड़िता के पिता के मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि आत्महत्या जैसी दिखने वाली घटना के पीछे कोई शैतानी साजिश थी।

कैसे हुए शक

पुलिस ने कहा- "मोबाइल फोन में, हमें पीड़िता की आत्महत्या की कोशिश करते हुए एक तस्वीर मिली। यह पता चला कि उसने अपनी बेटी को ऐसा करने के लिए कहा था, जैसे कि वह खुद को फांसी लगा रही थी और एक तस्वीर खींची।"

मारने के बाद पुलिस को किया फोन

हत्या करने के बाद पिता ने पुलिस को फोन किया और दावा किया कि वह किसी काम से बाहर निकला था और वापस लौटने पर उसने पाया कि उसकी बेटी ने खुद को फांसी लगा ली है। पुलिस ने शुरू में पांच रिश्तेदारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। अधिकारी ने कहा जब उस व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उसने अपनी बेटी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी पहली पत्नी ने 2016 में आत्महत्या कर ली थी। दूसरी पत्नी ने भी घर छोड़ दिया था। मजदूर के रूप में काम करने वाले पिता को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article