पटना

Rohtas: सोन नदी उफनाने से बढ़ी चिंता, प्रशासन ने लोगों को रील-वीडियो न बनाने की दी हिदायत

सोन नदी के जलस्तर में फिर से वृद्धि होने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। फिलहाल, सोन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 30 से 55 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। हालांकि, डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार ने आश्वासन दिया है कि फिलहाल कोई खतरा नहीं है। रोहतास जिले के सोन नदी के किनारे स्थित गांव ऑरेंज जोन में रखे गए हैं।

Image

सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता (सांकेतिक तस्वीर|Canva)

Rohtas News: बिहार के रोहतास जिले में सोन नदी एक बार फिर उफान पर है। रविवार सुबह अचानक जलस्तर में आई तेजी के कारण नदी के किनारे बसे तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

वाणसागर से छोड़ा गया पानी बना खतरा

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, वाणसागर डैम से छोड़ा गया पानी रविवार की सुबह रोहतास के प्रखंड क्षेत्र तक पहुंच गया, जिससे सोन नदी के दोनों किनारे पानी से लबालब हो गए। नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान से मात्र 30 से 55 सेंटीमीटर नीचे बह रहा है और लगातार बढ़ रहा है।

तटीय गांवों में डर का माहौल

नदी का जलस्तर बढ़ने से तुम्हा, जमुआ, नावाडीह, समहुता, बंजारी, कशिगांवा, रसूलपुर, ढेलाबाद, कर्मा और तुम्बा जैसे दर्जनों गांवों में लोगों के चेहरों पर 2019 की बाढ़ की भयावह यादें ताजा हो गई हैं। उस साल इन गांवों में बाढ़ का पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ था।

सोन डीला में फिर संकट

सोन डीला क्षेत्र, जहां बड़ी संख्या में किसान और पशुपालक खेती करते हैं, एक बार फिर संकट में है। ग्रामीणों का कहना है कि 60 से अधिक लोग वहां फंसे हो सकते हैं। अगर जलस्तर में एक-दो फीट की और बढ़त हुई, तो इन इलाकों में पानी घुस सकता है।

रील बनाना छोड़ें लोग

डेहरी SDM निलेश कुमार ने युवाओं से खास अपील की कि वे सोन नदी के किनारे जाकर वीडियो या रील न बनाएं, क्योंकि जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और किसी भी समय हालात बिगड़ सकते हैं। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि "फिलहाल खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है।" उन्होंने बताया कि रोहतास के सोन तटीय गांव ऑरेंज जोन में रखे गए हैं और सोन डीला में रह रहे किसान व पशुपालकों से अनुरोध किया गया है कि वे तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article