बिजनेस

Mahanagar Gas ने दिया झटका, मुंबई में CNG और PNG के दाम बढ़ाए, आज से नई दरें लागू

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मुंबई और आसपास के इलाकों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दामों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की दरों में 1 रुपये प्रति SCM (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की बढ़ोतरी की घोषणा की है।

Image

महानगर गैस ने बढ़ाए दाम

Photo : PTI

Mahanagar Gas Price Hikes: मध्य पूर्व में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस की कीमतों में आई उछाल का असर अब आम जनता की जेब पर पड़ने लगा है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सोमवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दामों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की दरों में 1 रुपये प्रति SCM (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 1 सितंबर की मध्य रात्रि से प्रभावी होंगी। इस संशोधन के बाद मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में CNG की नई कीमत 88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

इनपुट लागत में बढ़ोतरी

MGL के अनुसार, मध्य पूर्व संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क से जुड़ी इनपुट गैस की दरों में भारी वृद्धि हुई है। CNG सेगमेंट में गैस की मांग काफी अधिक है, जिसे पूरा करने के लिए कंपनी को महंगी दरों पर आयातित स्पॉट RLNG (री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) खरीदनी पड़ रही है। कंपनी का कहना है कि यह मूल्य वृद्धि इनपुट लागत में हुई बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई करेगी।

इनपुट गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने कंपनी द्वारा सप्लाई की जाने वाली गैस की कुल लागत पर काफी असर डाला है। इनपुट गैस की बढ़ती लागत को कुछ हद तक कम करने और अपने ग्राहकों को CNG की लगातार सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए, MGL ने CNG की कीमतों में ₹2.0 प्रति Kg की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है।

लाखों उपभोक्ता होंगे प्रभावित:

CNG: मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर, धाराशिव (महाराष्ट्र) और चित्रदुर्ग व दावणगेरे (कर्नाटक) के लगभग 13 लाख वाहन चालक इससे प्रभावित होंगे।

PNG: रसोई गैस (PNG) की कीमतों में 1 रुपये प्रति SCM की वृद्धि से MGL नेटवर्क से जुड़े लगभग 30 लाख घरेलू उपभोक्ता प्रभावित होंगे।

NCR के बाद मुंबई में बढ़ीं दरें

MGL द्वारा दरों में यह बढ़ोतरी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) द्वारा दिल्ली-एनसीआर (NCR) और आसपास के इलाकों में CNG के दाम 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 86.98 रुपये किए जाने के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है।

कीमतें बढ़ाने के मुख्य कारण

  • पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों से जुड़ी गैस की लागत में भारी वृद्धि दर्ज की गई है।
  • मुंबई क्षेत्र में CNG की खपत और मांग में तेज बढ़ोतरी हुई है। घरेलू आवंटन कम होने के कारण कंपनी को आवश्यकता पूरी करने के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार से महंगी दरों पर स्पॉट RLNG (री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस) खरीदनी पड़ रही है।

ऑटो-टैक्सी चालकों में असंतोष

मुंबई के 'रिक्शामेन यूनियन' और ऑटो-टैक्सी संघों ने इस बढ़ोतरी पर कड़ा विरोध जताया है। चालकों का कहना है कि 1 सितंबर से ही किराया संशोधन लागू हुआ था और ईंधन महंगा होने से उनकी कमाई पर दोबारा असर पड़ेगा।

सार्वजनिक और निजी परिवहन

मुंबई में लगभग 13 लाख से अधिक वाहन CNG पर चलते हैं, जिनमें 4.7 लाख ऑटो, 1.6 लाख काली-पीली टैक्सियां, 5 लाख से अधिक निजी कारें और BEST/TMT जैसी सार्वजनिक बसें शामिल हैं। घरेलू उपभोक्ता: MMR क्षेत्र के करीब 31 लाख परिवारों के रसोई बजट पर PNG दरों में वृद्धि से सीधा असर पड़ेगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article