शहर

MP News: दमोह में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़, फर्जी शादी कर लाखों की ठगी; 3 आरोपी गिरफ्तार

Damoh News: दमोह पुलिस ने फर्जी शादियां कर लोगों से ठगी करने वाले कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी पहले से जेल में है।

Image

फर्जी शादी का खेल! दमोह पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Damoh Looteri Bride Gang: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में फर्जी शादी कर लोगों को ठगने वाले कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह का एक अन्य आरोपी इसी तरह के मामले में पहले से जेल में बंद है। शिकायतकर्ता के अनुसार, शादी के नाम पर आरोपियों ने 1.70 लाख रुपये नकद और 2.40 लाख के जेवर लिए थे। गिरोह के कई राज्यों में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।

शादी के नाम पर 4.10 लाख रुपये की ठगी

यह मामला देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी पुलिस का है। पुलिस के मुताबिक, बांसा तारखेड़ा निवासी रामकौशल विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि गांव के नर्मदा पटेल और जैसीनगर थाना क्षेत्र के कनेरा निवासी नीरज पटेल व मालती पटेल ने उसकी शादी जबलपुर निवासी खुशबू राजपूत नाम की युवती से कराने की बात कही। इसके बाद 20 अप्रैल को रानगिर मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। आरोप है कि शादी के नाम पर पीड़ित से 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और 2 लाख 40 हजार रुपये के जेवर लिए गए।

तीन दिन बाद दुल्हन को लेकर गायब हुई महिला

शादी के महज तीन दिन बाद आरोपी मालती पटेल, दुल्हन की बहन बनकर आई और खुशबू को अपने साथ ले गई। इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटीं। पीड़ित ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद रामकौशल को ठगी का संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।

पूछताछ में सामने आया फर्जी शादी का नेटवर्क

जांच के दौरान पुलिस ने एक के बाद एक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह कथित तौर पर कई राज्यों में इसी तरह फर्जी शादियां कर लोगों के साथ ठगी करता था। बताया जा रहा है कि राजस्थान के कोटा में भी इसी गिरोह ने एक फर्जी विवाह कराया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article