शहर

Alwar News: अलवर में 40 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 9 साल का भानु, युद्धस्तर पर जारी रेस्क्यू ऑपरेशन

Alwar News Today: राजस्थान के अलवर में पतंग के पीछे भागने के दौरान नौ साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया। करीब 40 फीट की गहराई में फंसे बच्चे को बचाने के लिए पुलिस-प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। जेसीबी से खुदाई के साथ बोरवेल के समानांतर सुरंग बनाकर बच्चे तक पहुंचने की कोशिश जारी है।

Image

40 फीट गहरे बोरवेल में फंसे भानु को बचाने की कोशिश जारी (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

Alwar News Today: राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पतंग के पीछे भाग रहा नौ वर्षीय बच्चा खुले बोरवेल में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

40 फीट की गहराई पर फंसा भानु

पुलिस के मुताबिक, हादसे में बुटोली गांव निवासी भानु बोरवेल में करीब 40 फीट की गहराई पर फंस गया है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी उसे बाहर नहीं निकाला जा सका था। हालांकि, राहत की बात यह है कि बच्चे की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। बचाव दल लगातार उससे बातचीत कर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बच्चों को बचाने की कोशिश तेज की गई

अलवर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के अनुसार, बच्चे तक पहुंचने के लिए बोरवेल के समानांतर सुरंग तैयार की जा रही है। इस काम में तीन जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव दल ने लगभग 20 से 25 फीट तक जमीन की खुदाई पूरी कर ली है और अब बच्चे तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

बोरवेल के अंदर लगातार ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही

रेस्क्यू अभियान में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), पुलिस और प्रशासन की कई टीमें शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव दल का सहयोग कर रहे हैं। बच्चे को बोरवेल के अंदर लगातार ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है, ताकि उसे सांस लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी जुटे हुए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता बच्चे को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बाहर निकालना है। अधिकारियों को उम्मीद है कि बचाव अभियान जल्द सफल होगा और मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सकेगा।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article