बिजनेस

Share Market Today : Sensex 288 और Nifty 121 अंक फिसला, क्यों खुलते ही लुढ़का बाजार?

शेयर बाजार में अगस्त के आखिरी कारोबारी दिन कमजोर शुरुआत हुई है। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex 288 और Nifty 121 अंक लुढ़क गया है। खासतौर पर IT स्टॉक्स में भारी गिरावट देखने को मिली है।

Image

बाजार में गिरावट (Image Source: iStockphoto)

Stock Market Today : घरेलू शेयर बाजार ने सोमवार, 31 अगस्त को कमजोर शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में Sensex करीब 288 अंक टूटकर 76,976 के स्तर पर आ गया, जबकि Nifty करीब 121 अंक गिरकर 24,068 के आसपास कारोबार करता दिखा। बाजार की शुरुआत से ही बिकवाली का दबाव नजर आया और ज्यादातर प्रमुख सेक्टर लाल निशान में रहे।

मेटल और IT सेक्टर में सबसे ज्यादा कमजोरी

सेक्टोरल कारोबार में Metal Index सबसे ज्यादा दबाव में दिखा। Nifty Metal करीब 1.90 फीसदी गिरा। इसके बाद मीडिया इंडेक्स में 1.48 फीसदी और Nifty IT Index में 1.40 फीसदी की गिरावट रही। PSU Bank 1.11 फीसदी, रियल्टी 0.91 फीसदी और FMCG 0.73 फीसदी नीचे रहे। दूसरी ओर, Nifty Private Bank एकमात्र प्रमुख सेक्टरों में रहा, जिसने हल्की बढ़त दिखाई। यह करीब 0.10 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा था। फार्मा में 0.44 फीसदी और ऑटो में 0.42 फीसदी की गिरावट रही।

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों पर भी दबाव

बाजार में कमजोरी सिर्फ बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रही। निफ्टी मिडकैप 100 करीब 0.69 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 करीब 0.83 फीसदी नीचे था। निफ्टी स्मॉलकैप 50 में गिरावट करीब 0.97 फीसदी रही। यानी व्यापक बाजार में भी बिकवाली का दबाव मजबूत नजर आया।

India Vix ने बढ़ाई चिंता

बाजार में निवेशकों की भावानाओं और उतार-चढ़ाव को व्यक्त करने वाले इंडेक्स India Vix में करीब 4.47 फीसदी का उछाल आया है। यह बढ़कर 11.16 पर पहुंच गया है। इसमें बढ़त बाजार में बढ़ती अस्थिरता और निवेशकों की सतर्कता का संकेत देती है।

एशियाई बाजारों से भी कमजोर संकेत

घरेलू बाजार को शुरुआती कारोबार में एशियाई बाजारों से भी मजबूत सपोर्ट नहीं मिला। Nikkei करीब 1.05 फीसदी, हांगकांग का हैंग सेंग 0.71 फीसदी, ताइवान वेटेड इंडेक्स 1.25 फीसदी और KOSPI 1.56 फीसदी नीचे कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजारों के वायदा कारोबार में भी कमजोरी दिखाई दी। डाउ फ्यूचर्स करीब 0.28 फीसदी और एसएंडपी 500 फ्यूचर्स करीब 0.25 फीसदी नीचे थे।

कच्चे तेल में तेज उछाल

कमजोर बाजार के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल एक अहम चिंता बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड करीब 2.28 फीसदी बढ़कर 90.11 डॉलर प्रति बैरल और क्रूड ऑयल 2.04 फीसदी चढ़कर 85.10 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्था के लिए महंगाई और चालू खाते के मोर्चे पर दबाव बढ़ा सकती हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये में हल्की मजबूती रही और डॉलर-रुपया करीब 95.41 पर कारोबार कर रहा था। हालांकि बाजार की शुरुआती तस्वीर फिलहाल कमजोर है और निवेशकों की नजर आगे दिनभर की वैश्विक खबरों, कच्चे तेल की चाल और प्रमुख सेक्टरों के प्रदर्शन पर रहेगी।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article