Noida: यूपी में डॉग अटैक बाइट की लगातार बढ़ रही घटनाओं के बीच नोएडा वासियों के लिए ये अच्छी खबर है। नोएडा विकास प्राधिकरण की ओर से आगामी नए साल में पेट डॉग के नियमों में बदलाव कर नई डॉग पॉलिसी लागू करने की कवायद चल रही है। इस बीच प्राधिकरण की ओर से शहर के लोगों से नई पॉलिसी को लेकर आपत्तियां व सुझाव भी मांगे गए हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, शहर के लोगों ने सुझाव दिए हैं। जिसमें पेट डॉग्स सहित स्ट्रीट डॉग को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव आए हैं, जो सोमवार को सीईओ के समक्ष रखें जाएंगे। नए नियमों में एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के मुताबिक ही बदलाव किए जाएंगे।
नोएडा डेवलपमेंट अथॉरिटी के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह के मुताबिक, नियमों में बदलाव को लेकर मांगे गए सुझावों में सबसे अधिक सुझाव लिफ्ट में डॉग मूवमेंट को लेकर आए हैं। अब तक करीब 400 सुझाव प्राधिकरण को मिले हैं। ओएसडी के मुताबिक, शहर के लोगों का कहना है कि, लिफ्ट में डॉग्स को लाने से पहले उसके मुंह को जालीदार कवर से ढकने का नियम बनाया जाए। ताकि वह किसी पर अटैक नहीं कर सके। नोफा अध्यक्ष राजीवा सिंह के मुताबिक, यह एक सामाजिक समस्या है। कई तरह के कई सुझाव और आपत्तियां मिली है, जिनको कंपाइल किया जा रहा है।
