Bio Methanation Plant: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब नोएडा का सेक्टर-50 शहर का 19वां कूड़ा रहित सेक्टर बनने वाला है। यहां आपको अब कूड़ा नहीं दिखाई देगा। क्योंकि यहां अब कूड़े से गैस का उत्पादन होगा। बुधवार को नोएडा प्राधिकरण की ओएसडी वंदना त्रिपाठी ने सेक्टर में बॉयो मिथेनाइजेशन प्लांट का शुभारंभ कर दिया है। प्लांट में कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। नोएडा में लगे इस प्लांट में महागुन मॉर्फस, सेंट्रल मार्केट, रेल नगर, ए से ई ब्लॉक तक की समस्त कोठियां, आम्रपाली एग्जोटिका, कैलाश नगर, धार्मिक स्थल और सभी स्कूलों के निकलने वाला कूड़ा निस्तारित किया जाएगा।
कूड़ा जमा करने वाली एजेंसी की तरफ से सभी घरों से अलग-अलग तरह का कूड़ा इकट्ठा किया जाएगा। लोगों को गीला और सूखा कूड़ा खुद ही अलग-अलग करना होगा। रोजाना प्लांट में 240 क्यूबिक मीटर गैस का उत्पादन किया जाएगा। इस प्लांट की क्षमता 2.5 टन की है।
