शहर

Ratnagiri News: मुंबई-गोवा हाईवे पर ट्रक ने लग्जरी बस को मारी टक्कर, बस पलटने से 30 घायल, 8 की हालत गंभीर

Ratnagiri News: महाराष्ट्र के रत्नागिरी में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक ट्रक ने लग्जरी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अंजणारी ब्रिज पर पलट गई। हादसे में 30 यात्री घायल, जिनमें से आठ की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

Image

रत्नागिरी में भीषण सड़क हादसा

Ratnagiri News: महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में मुंबई-गोवा हाईवे पर कल यानी गुरुवार 12 नवंबर की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अंजणारी ब्रिज पर गोवा की ओर जा रहे एक ट्रक ने निजी लग्जरी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर ब्रिज पर ही पलट गई। इस हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में फंसे यात्रियों को दमकल विभाग के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात मुंबई-गोवा हाईवे पर अंजणारी ब्रिज के पास हुआ। निजी लग्जरी बस गोवा की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से बस सड़क पर पलट गई। बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए दमकल विभाग की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दमकलकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में घायल करीब 30 यात्रियों को रत्नागिरी के जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 8 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है।

मुंबई-गोवा हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित

हादसे के बाद अंजणारी ब्रिज पर गोवा की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बस के पलटने और राहत-बचाव कार्य के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे गोवा की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस और अन्य राहत टीमों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और ट्रैफिक बहाल करने की कोशिश की गई। फिलहाल ब्रिज पर एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article