शहर

मधुबनी: जिस ASI को हत्या के मामले में खोज रही थी बिहार पुलिस, उसी की लाश खेत में मिली; चेहरा भी कुचला मिला

Madhubani News: बिहार के मधुबनी में हत्या के मामले में फरार चल रहे ASI चंद्रमोहन सिंह का शव धान के खेत में बोरे से बरामद हुआ, जिसके पास से उनकी सर्विस रिवॉल्वर भी मिली है।

Image

बिहार के मधुबनी में हत्या के मामले में फरार चल रहे ASI चंद्रमोहन सिंह का शव धान के खेत में बोरे से बरामद हुआ

Madhubani News: बिहार के मधुबनी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हत्या के एक मामले में पिछले कई दिनों से फरार चल रहे बिहार पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह का शव एक खेत से बरामद किया गया है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव स्थित धान के खेत में एक बोरे के अंदर उनका शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

कैसे हुई शव की बरामदगी और क्या-क्या मिला?

स्थानीय किसानों को धान के खेत के आसपास से तेज दुर्गंध आ रही थी। जांच करने पर उन्होंने झाड़ियों में एक संदिग्ध बैग पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत अन्य ग्रामीणों और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब तलाशी ली, तो बोरे में बंद ASI का शव मिला। शव के पास मिले एक बैग से उनकी सर्विस रिवॉल्वर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, लैपटॉप और कई अन्य निजी सामान बरामद किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस अशोक यादव नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में ASI चंद्रमोहन सिंह की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। बताया जाता है कि बीते 3 नवंबर को ASI चंद्रमोहन सिंह एक लड़की के घर पर मौजूद थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया था। घेराबंदी से बचने के लिए ASI ने कथित तौर पर कई राउंड गोलियां चलाई थीं। इस गोलीबारी में अशोक यादव की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस वारदात के बाद से ही ASI फरार चल रहे थे।

3 लाख के इनाम की हुई थी सिफारिश

फरार ASI की गिरफ्तारी के लिए पहले एसएसपी (SSP) ने 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की थी। वहीं, गुरुवार को ही इनाम की राशि बढ़ाकर 3 लाख रुपये करने की सिफारिश भी भेजी गई थी।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में होगा पोस्टमार्टम

मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। शुरुआती जांच में शव पर चोट के कई निशान मिले हैं और पहचान छिपाने या बर्बरता के इरादे से चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा पुलिस बरामद सर्विस रिवॉल्वर, लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों की भी तकनीकी जांच कर रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी के सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जहां मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में एक विशेष मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। एसएसपी के अनुसार, मौत की असली वजह और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article