टेक्नोलॉजी की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दायरा पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है। अब एआई हमारी आम जिंदगी का अहम हिस्सा बनता जा रहा है। आने वाले समय में यह हमारे स्वास्थ्य और बीमारियों के इलाज में भी बड़ा योगदान दे सकता है। इसी चीज को लेकर अब एन्थ्रोपिक के CEO डारियो अमॉडेई की तरफ से बड़ी बात कही गई है। उनके मुताबिक आने वाले समय में AI की मदद से कैंसर, अल्जाइमर, दिल की बीमारी और मानसिक बीमारियों जैसी गंभीर समस्याओं का इलाज ढूंढना पहले से आसान हो सकता है। उनका कहना है कि AI की तेजी से बढ़ती ताकत इंसानों को उन बीमारियों से लड़ने में मदद कर सकती है, जिनका इलाज खोजने के लिए वैज्ञानिक कई सालों से कोशिश कर रहे हैं।
CEO डारियो अमॉडेई के मुताबिक AI की मदद से नई दवाएं बनाने, बीमारियों को जल्दी पहचानने और बेहतर इलाज विकसित करने का प्रॉसेस तेज हो सकता है। अमॉडेई को उम्मीद है कि अगले 10 साल से भी कम समय में इन गंभीर बीमारियों के इलाज में इतनी बड़ी सफलता मिल सकती है कि ये बीमारियां बीते समय की बात बन जाएंगी।
बड़ी बीमारियों का इलाज मिलने की संभावना
'फायरसाइड अल्फा' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एन्थ्रोपिक के IPO रोडशो के दौरान डारियो अमॉडेई ने AI के भविष्य को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आज कैंसर, अल्जाइमर, दिल की बीमारियां और मानसिक बीमारियां दुनिया के सामने बड़ी चुनौती हैं। लेकिन AI की तेजी से बढ़ती ताकत इन समस्याओं का हल निकालने में मदद कर सकती है।
अमॉडेई का मानना है कि आने वाले एक दशक में ये बीमारियां बीते समय की बात बन सकती हैं। यानी भविष्य में इंसानों के पास इन बीमारियों से लड़ने के बेहतर तरीके और इलाज हो सकते हैं।
AI ला सकता है बड़ा बदलाव
डारियो अमॉडेई के मुताबिक, AI इंसानों के लिए एक नया दौर शुरू कर सकता है। इसकी मदद से वैज्ञानिक ऐसी समस्याओं का हल खोज सकते हैं, जिनका जवाब इंसान लंबे समय से तलाश रहा है। उन्होंने कहा कि अगर AI को सही तरीके से विकसित किया गया और इसका सुरक्षित इस्तेमाल हुआ, तो यह इंसानों के लिए चमत्कार जैसा साबित हो सकता है। इससे मेडिकल रिसर्च को तेज करने और नई दवाएं व इलाज खोजने में काफी मदद मिल सकती है।
AI के खतरों से बचना भी जरूरी
अमॉडेई ने AI के फायदों के साथ इससे जुड़े खतरों पर भी बात की। उनका कहना है कि AI बनाने वाली कंपनियों को सिर्फ नई तकनीक और बेहतर प्रोडक्ट बनाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि इसके गलत इस्तेमाल और नुकसान से बचने के तरीके भी खोजने चाहिए।
उनके मुताबिक, जो कंपनी AI से जुड़े खतरों को अच्छी तरह समझेगी और उन्हें रोकने के लिए सही कदम उठाएगी, उसी पर लोग ज्यादा भरोसा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि AI कंपनियों को एक तरफ लोगों तक इस तकनीक के फायदे पहुंचाने होंगे, तो दूसरी तरफ ऐसा बिजनेस भी बनाना होगा जो लंबे समय तक चल सके।
AI के इस्तेमाल को लेकर कंपनियों में बढ़ रही होड़
दुनियाभर की AI कंपनियां लगातार एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश कर रही हैं। सभी कंपनियां पहले से ज्यादा ताकतवर AI सिस्टम बना रही हैं और नई-नई जगहों पर इनका इस्तेमाल बढ़ा रही हैं। हेल्थ सेक्टर में भी AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। इससे बीमारियों की पहचान करने, नई दवाएं बनाने और बेहतर इलाज खोजने में मदद मिल सकती है।
हालांकि, डारियो अमॉडेई का यह कहना कि 10 साल के भीतर कैंसर, अल्जाइमर और दिल की बीमारियां अतीत की बात बन जाएंगी, फिलहाल एक बड़ी उम्मीद और भविष्यवाणी है। अभी इसे मेडिकल जगत की पक्की उपलब्धि नहीं माना जा सकता।
