देश

मणिपुर में आखिर ये हो क्या रहा है? चूड़ाचांदपुर में 10 फुट लंबा रॉकेट, चार मोर्टार बरामद

Manipur News: मणिपुर में हिंसा के बीच सुरक्षाबलों ने 10 फुट लंबा रॉकेट, चार मोर्टार और चीन में बने कई हथियार बरामद किए हैं, जिसके बाद इलाके में सतर्कता व चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

Image

मणिपुर के चूड़ाचांदपुर में 10 फुट लंबा रॉकेट, चार मोर्टार बरामद (फाइल फोटो- PTI)

Manipur News: मणिपुर में हिंसा की छिटपुट घटना के बाद अब ऐसा हथियार मिला है, जिसने सुरक्षाबलों के माथे पर चिंता की लकीर खींच दी होगा। मणिपुर में अब 10 फुट लंबा रॉकेट मिला है। साथ ही चार मोर्टार भी इसके साथ मिले हैं। साथ ही चीन में बने कई हथियार बरामद हुए हैं। इस बरामदगी के बाद सुरक्षाबल और सतर्क हो गए हैं और इलाके में सघन चेकिंग अभियान चला रहे हैं।

चूड़ाचांदपुर में मिला रॉकेट

मणिपुर के चूड़ाचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने 10 फुट लंबा एक रॉकेट, चीन में बने चार मोर्टार और छह आईईडी समेत हथियार और गोला बारूद बरामद किए हैं। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कांगवई उपमंडल के पी जेलजांग गांव के आसपास के जंगली इलाके में जिला पुलिस और सेना की संयुक्त टीम द्वारा बुधवार को चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान ये हथियार बरामद किए गए।

मेड इन चीन हथियार बरामद

खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए इस अभियान के दौरान चीन में बने 82 एमएम के चार मोर्टार, करीब 10 फुट लंबा और 80 किलोग्राम वजनी एक रॉकेट, छह आईईडी और चीन में बने पांच हथगोले बरामद किए गए। पुलिस ने एक बयान में कहा कि अभियान के दौरान एक सीएमजी, एक पिस्तौल, दो एकनाली राइफल, अलग-अलग कैलिबर (82 एमएम और 51 एमएम) के 30 मोर्टार बम और 5.6 एमएम के पांच कारतूस भी बरामद किए गए।

2023 में भड़की हिंसा, आज भी जारी

मई 2023 में घाटी में रहने वाले मेइती और पर्वतीय इलाकों में रहने वाले कुकी समुदायों के बीच भड़के जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है जबकि 49 लोग लापता हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। हाल के महीनों में कुकी एवं नगा समुदायों के बीच भी झड़पों की खबरें सामने आई हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article