Dindori, MP News: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति को कथित तौर पर रसगुल्ला बताकर सुअरमार बम (Pig Bomb) खिला दिया गया। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर दांत से दबाया, वैसे ही जोरदार धमाका हो गया। धमाके में युवक का जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। NDTV की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने इस मामले में हत्या और विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
घटना डिंडौरी जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक की पहचान 35 साल के राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 10 नवंबर की शाम राजेंद्र ने परिवार के साथ खाना खाया था। इसके बाद वह घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान उसके परिचित रामभगत बरौतिया ने कथित तौर पर उसे रसगुल्ला बताकर सुअरमार बम दे दिया।
मुंह में रखते ही हुआ जोरदार धमाका
बताया जा रहा है कि राजेंद्र ने बिना किसी शक के उस चीज को मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने दांत से दबाया, उसके मुंह में जोरदार विस्फोट हो गया। यह धमाका इतना जोरदार था कि उसका जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए धमाके से परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण घबरा गए।
परिजनों ने आनन-फानन में घायल राजेंद्र को ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक थी। तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
हत्या और विस्फोटक अधिनियम में केस
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे के मुताबिक, पुलिस ने रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास सुअरमार बम कहां से आया और उसने राजेंद्र को कथित तौर पर रसगुल्ला बताकर विस्फोटक क्यों दिया। घटना के पीछे की वजह और आरोपी की मंशा की भी जांच की जा रही है।
