शहर

Kal ka Mausam: पहाड़ों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बर्फबारी, बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक और तूफान से बारिश की संभावना, पढ़ें कल कैसा रहेगा मौसम

Kal ka Mausam: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जबकि बंगाल की खाड़ी में 15 नवंबर तक कम दबाव का क्षेत्र बनने से तूफान के संकेत हैं। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का अलर्ट है।

Image

कल कैसा रहेगा देशभर का मौसम?

Kal ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कल यानी शुक्रवार 13 नवंबर को भी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर में आज कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जतायी गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं के रूप में देखने को मिल सकता है।

इधर, बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम सिस्टम विकसित होने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके शनिवार 14 नवंबर तक सुस्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र और रविवार 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है।

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में मौसम एक्टिव रहेगा। आज और कल यहां काफी व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। कश्मीर घाटी में आज भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी का पूर्वानुमान है।

इसके अलावा, कुछ जगहों पर गरज-चमक, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

हिमाचल और उत्तराखंड में भी बदलेगा मौसम

हिमाचल प्रदेश में 14 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने का अनुमान है।

उत्तराखंड में 14 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना से ठंड और बढ़ सकती है। पंजाब में भी आज और कल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।

बंगाल की खाड़ी में 15 नवंबर तक डिप्रेशन

बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम सिस्टम विकसित होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके 15 नवंबर को डिप्रेशन में बदलने की संभावना है।

इस सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है। इसके प्रभाव से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 17 नवंबर तक व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है। 11 से 14 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

दक्षिण भारत में भी बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 नवंबर तक और फिर 16-17 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 15 नवंबर को यहां व्यापक स्तर पर बारिश का पूर्वानुमान है।

केरल और माहे में 15 नवंबर तक बारिश की संभावना है। वहीं, 16 और 17 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 17 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 17 नवंबर के बीच बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में कैसा रहेगा मौसम?

पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में आज और फिर 15-17 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज और 17 नवंबर को बारिश का अनुमान है। पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक हफ्ते के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की कोई संभावना नहीं है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article