Noel Tata Quits Tata Investment : टाटा ग्रुप (Tata Group) की कंपनी Tata Investment Corporation (TIC) में बड़ा नेतृत्व बदलाव हुआ है। नोएल टाटा (Noel Tata) अब कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर नहीं रहेंगे। उनकी जगह दिग्गज वकील और AZB & Partners के को-फाउंडर बहराम वकील (Bahram Vakil) कंपनी के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह बदलाव 12 नवंबर, 2026 से प्रभावी हो गया है।
कंपनी ने 11 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंज में दाखिल रेगुलेटरी फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। नोएल टाटा 11 नवंबर को कारोबार समाप्त होने के साथ चेयरमैन और डायरेक्टर के पद से रिटायर हो गए। हालांकि, कंपनी ने उनके योगदान को देखते हुए उन्हें चेयरमैन मानद अध्यक्ष नियुक्त किया है।
16 साल तक संभाली जिम्मेदारी
नोएल टाटा ने टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन को लंबा समय दिया है। वे 9 जून 2004 को कंपनी के बोर्ड में शामिल हुए थे। इसके बाद 24 जून, 2010 को उन्हें कंपनी का चेयरमैन बनाया गया। इस तरह नोएल टाटा 22 साल से ज्यादा समय तक कंपनी के बोर्ड में रहे। इसके बाद करीब 16 साल से अधिक समय तक चेयरमैन रहे।
कौन हैं बहराम वकील?
बहराम वकील देश के जाने-माने कॉरपोरेट लॉयर्स में शामिल हैं। वह लॉ फर्म AZB & Partners के संस्थापक पार्टनर्स में से एक हैं। उन्हें कॉरपोरेट रिस्ट्रक्चरिंग, इनसॉल्वेंसी, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रोजेक्ट फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में लंबा अनुभव है। उन्होंने मुंबई यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की और 1983 में कोलंबिया यूनिवर्सिटी, न्यूयॉर्क से LLM की डिग्री हासिल की। वह भारत में सॉलिसिटर के तौर पर भी योग्य हैं। वकील मार्च 2026 से TIC के वाइस चेयरमैन के तौर पर जुड़े हुए थे।
अबीजर दीवानजी को मिली जगह
नोएल टाटा की विदाई और बहराम वकली के चेयरमैन बनने के साथ TIC ने बोर्ड में एक और अहम नियुक्ति की है। कंपनी ने अबीजर शब्बीर दीवानजी (Abizer Shabbir Diwanji) को एडिशनल नॉन एक्जिक्यूटिव इंडिपेंडेंट डायरेक्टर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 12 नवंबर, 2026 से 5 साल के लिए की गई है। हालांकि, यह नियुक्ति शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के अधीन है। दीवानजी NeoStrat Advisors LLP के फाउंडर हैं। इससे पहले वह करीब दो दशक तक KPMG और EY में फाइनेंशियल सर्विसेज प्रैक्टिस का नेतृत्व कर चुके हैं।
क्यों हुआ ये बड़ा बदलाव?
कंपनी ने कहा है कि नोएल टाटा के रिटायरमेंट और बोर्ड में किए गए बदलाव टाटा समूह के गवर्नेंस नियमों के मुताबिक हैं। इन गाइडलाइंस में बोर्ड के गठन, कमेटियों और डायरेक्टर्स की रिटायरमेंट से जुड़े प्रावधान शामिल हैं। कंपनी के बोर्ड ने 11 नवंबर को हुई बैठक में इन नियुक्तियों और अन्य फैसलों को मंजूरी दी।
