शहर

Delhi Traffic Advisory: छठ पूजा पर दिल्ली की इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध, इन रास्तों का करें इस्तेमाल

दिल्ली में छठ पूजा के मद्देनजर 15 और 16 नवंबर को कई सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने प्रभावित रास्तों से बचने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की सलाह दी है।

Image

दिल्ली पुलिस ने छठ पूजा पर जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी (AI Image)

Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में छठ पूजा को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 15 और 16 नवंबर को यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। इस दौरान पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले की कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के यमुना घाटों और अन्य जलाशयों पर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

इन रास्तों पर जाने से बचें

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को 15 और 16 नवंबर को कुछ प्रमुख रास्तों से बचने की सलाह दी है। इनमें शास्त्री पार्क से खजूरी चौक और वापस पुस्ता रोड, नानकसर टी-पॉइंट से सोनिया विहार टोल टैक्स तक का रास्ता और शांति वन से श्मशान घाट तक का मार्ग शामिल है। इन रास्तों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे में उत्तर, मध्य, पूर्वी और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और जीटी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने सुझाए वैकल्पिक रास्ते

यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई वैकल्पिक रास्ते भी सुझाए हैं। नानकसर टी-पॉइंट से खजूरी चौक, आरटीसी पुस्ता रोड और सभापुर गांव होते हुए सोनिया विहार चौहान पट्टी तक पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा स्थानीय लोग रोड नंबर-66 का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। वाहन चालक SDM ऑफिस यू-टर्न से डायवर्जन लेकर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की ओर भी जा सकते हैं।

इन 13 जगहों पर मिलेगी पार्किंग की सुविधा

छठ पूजा के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने 13 स्थान तय किए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर पार्किंग नहीं करने की हिदायत दी है। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी परेशानी हो सकती है।

  • डीएनडी के पास यमुना खादर।
  • खुला डीडीए ग्राउंड।
  • पश्चिमी विनोद नगर, आईपी एक्सटेंशन स्थित खुला मैदान।
  • खजूरी मेट्रो स्टेशन के पास।
  • सोनिया विहार के निवासियों के लिए दूसरे, 3.5 और 4.5 पुस्ता के पास खाली यमुना भूमि।
  • नानकसर गुरुद्वारा पार्किंग।
  • यमुना खादर की खाली जमीन।
  • यमुना नदी के किनारे खाली जमीन।
  • पुराने आयरन ब्रिज के पास गौशाला के नजदीक खुला मैदान।
  • नंद नगरी के बी-1 और बी-2 ब्लॉक स्थित छठ पार्क।
  • मंडोली टीला छठ घाट।
  • पुस्ता रोड एनएचएआई पार्किंग।
  • साईं भगवान मंदिर के पास एमसीडी पार्किंग।

घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक अपडेट

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे प्रभावित इलाकों में जाने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर ही घर से चलें। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। ट्रैफिक से जुड़ी ताजा जानकारी और सहायता के लिए लोग व्हाट्सऐप नंबर 8750871493 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 1095 और 011-25844444 हेल्पलाइन नंबर पर भी मदद ली जा सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article