अगर आप भी कार या बाइक चलाते हैं और आपकी गाड़ी का ट्रैफिक चालान लंबे समय से पेंडिंग है तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। बिहार की राजधानी पटना में ट्रैफिक पुलिस (Patna Traffic Police) ने ऐसे वाहन मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है, जिनके ऊपर पांच या उससे ज्यादा चालान बकाया हैं। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (Driving Licence) रद्द करने का प्रस्ताव डिस्ट्रिक्ट ट्रांसपोर्ट ऑफिसर (DTO) को भेजा है।
493 वाहन चालकों की हुई पहचान
पटना ट्रैफिक पुलिस ने अक्टूबर 2026 तक ऐसे 493 वाहन चालकों की पहचान की है, जिनके पांच या उससे अधिक चालान पेंडिंग हैं। इन लोगों ने अब तक अपने ऊपर लगाए गए जुर्माने का भुगतान नहीं किया है। पुलिस ने इन मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग के पास भेज दिया है।
हालांकि, अभी इन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द नहीं किए गए हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से केवल लाइसेंस रद्द करने का प्रस्ताव भेजा गया है। परिवहन विभाग संबंधित मामलों की जांच और वेरिफिकेशन करने के बाद अंतिम फैसला लेगा। ऐसे में जिन वाहन मालिकों के ऊपर कई चालान बकाया हैं, उन्हें समय रहते अपने चालान की स्थिति जांच लेनी चाहिए।
ऑनलाइन ऐसे चेक करें पेंडिंग चालान
वाहन मालिक घर बैठे ऑनलाइन अपने वाहन का चालान स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें सरकार के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर जाना होगा। यहां 'Check Challan Status' विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करना होगा। कैप्चा वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद 'Get Details' पर क्लिक करें। स्क्रीन पर आपके वाहन से जुड़े चालान और उनके भुगतान की स्थिति दिखाई दे जाएगी।
गलत चालान कटने पर क्या करें?
अगर आपको लगता है कि आपकी गाड़ी का चालान गलत तरीके से काटा गया है, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। इसके लिए चालान या गाड़ी की जानकारी दर्ज कर उल्लंघन (Traffic Violation) की डिटेल्स चेक करें। इसके बाद Grievance विकल्प के जरिए शिकायत करें और जरूरी डॉक्यूमेंट्स या सबूत अपलोड करें। शिकायत का स्टेटस भी ऑनलाइन ट्रैक किया जा सकता है।
