शहर

राष्ट्रपति भवन के सुरक्षा गार्ड सौरभ को गोली मारने वाले दोनों इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

Baghpat Police Encounter: बागपत पुलिस ने गोलीकांड में वांछित आरोपी धीरज और मोनू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर दीपावली की रात राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार को गोली मारने का आरोप है।

Image

बागपत गोलीकांड में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Baghpat Police Encounter: उत्तर प्रदेश के बागपत में राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षा गार्ड सौरभ कुमार को दीपावली की रात गोली मारने के चर्चित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना रमाला पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान धीरज और मोनू के रूप में हुई। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दीपावली की रात पड़ोसियों में हुआ था विवाद

मामला बागपत के थाना रमाला क्षेत्र के गांव गोपालपुर खड़ाना का है। 8 नवंबर को दीपावली की रात पड़ोसियों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। इस दौरान मारपीट और फायरिंग हुई थी। आरोप है कि धीरज की ओर से चलाई गई गोली दीवार से टकराकर सौरभ कुमार के सिर में जा लगी थी। घटना में सौरभ का भाई विपिन भी घायल हुआ था। गंभीर रूप से घायल सौरभ को मेरठ के मिमेन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान उसके सिर से गोली निकाल दी थी।

गिरफ्तारी पर घोषित था 10-10 हजार का इनाम

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बागपत के पुलिस अधीक्षक ने 11 नवंबर को नामजद आरोपी धीरज और मोनू की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद से पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थीं और अलग-अलग इलाकों में दबिश दी जा रही थी। आखिरकार 13 नवंबर को रमाला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article