देश

बेंगलुरु : प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल हुए PM मोदी, बोले-दुनिया से जुड़ाव का नया रास्ता खोलता है योग

समारोह को लेकर एच. आर. नागेंद्र ने पहले बताया कि यह अवसर प्रशांति कुटीरम में संस्थान की 50 वर्षों की सेवा का प्रतीक है। उन्होंने योग के क्षेत्र में संस्थान के शोध-योगदान को रेखांकित किया। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में नागेंद्र ने कहा, 'हम प्रशांति कुटीरम में अपनी सेवा के 50 वर्ष का स्वर्ण जयंती समारोह मना रहे हैं।

Image

प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

PM Modi Bengaluru visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के साथ बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह और लेखक एच. वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी के स्मरणोत्सव में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम एस-व्यास, प्रशांति कुटीरम में आयोजित किया गया है। इसका आयोजन एस-व्यास रजिस्टर्ड सोसाइटी ने शेषाद्रि की स्मृति में किया है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हैं। पीएम मोदी दो दिन के कर्नाटक दौरे पर हैं। वह राज्य को विकास योजनाओं की सौगात देंगे। आज बाद में पीएम बेंगलुरु की नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे।

'अब पूरा विश्व योग दिवस मनाता है'

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि इस वर्ष हम श्रद्धेय एच. वी. शेषाद्रि जी की जन्मशताब्दी भी मना रहे हैं। मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। जब देश गुलामी की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था तब एक ओर लाखों स्वतंत्रता सेनानी, आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे तो दूसरी ओर, स्वामी विवेकानंद जैसे राष्ट्र ऋषि भी थे जिन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना को जागृत किया। पिछले 12 वर्षों में भारत, अपनी संस्कृति, अपनी पहचान और अपने ज्ञान-विज्ञान को पूरे आत्मविश्वास के साथ दुनिया के सामने रख रहा है। इसी का परिणाम है भारत की पहल पर अब पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाता है।'

दुनिया से जुड़ाव का नया रास्ता खोलता है योग-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि दुनिया के बड़े-बड़े राष्ट्राध्यक्षों के परिवार में कोई न कोई व्यक्ति है जो योग से जुड़ा हुआ मिलता है। यानी योग के द्वारा भारत कहां-कहां पहुँच गया है। ऐसा लगता है योग भारत को जानने की एक प्रवेश द्वार बन चुका है। और मैंने देखा चाहे कि विदेशी नागरिक अगर मैं कतर का रॉयल फैमिली कहूं या अन्य भी जो योग के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और ऐसे अनेक लोगों को भारत ने पद्मश्री से सम्मानित करके उनका गौरव भी बढ़ाने का काम हुआ है। साथियों दुनिया के लोगों का योग से परिचय बढ़ता है तो भारत को जान बनेगी उनकी उत्-उत्कृष्टता भी बढ़ती है। हमारी संस्कृति के प्रति हमारे पारंपरिक ज्ञान के प्रति एक नया आकर्षण पैदा होता है। इससे भारत और दुनिया के बीच जुड़ाव का एक नया रास्ता खुलता है। और यह सब हम सभी के सामूहिक प्रयासों से ही संभव हुआ है।'

CM डीके शिवकुमार भी रहे मौजूद

इस मौके पर कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव, मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और दक्षिण कोरिया के मिर्यांग शहर के मेयर अहन ब्योंग-गू सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद थे। इनके अलावा एस-व्यास सोसाइटी के अध्यक्ष एच. आर. नागेंद्र, अंतरराष्ट्रीय मामलों के मुख्य सलाहकार प्रेम भंडारी, उपाध्यक्ष सतीश गुप्ता, एस-व्यास डीम्ड यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति एच. आर. दयानंद स्वामी और कुलपति मंजूनाथ शर्मा एन. के. भी समारोह में उपस्थित थे। पीएम के बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल और सीएम ने उनका स्वागत किया।

संस्थान में योग शोध पर जोर

समारोह को लेकर एच. आर. नागेंद्र ने पहले बताया कि यह अवसर प्रशांति कुटीरम में संस्थान की 50 वर्षों की सेवा का प्रतीक है। उन्होंने योग के क्षेत्र में संस्थान के शोध-योगदान को रेखांकित किया। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में नागेंद्र ने कहा, 'हम प्रशांति कुटीरम में अपनी सेवा के 50 वर्ष का स्वर्ण जयंती समारोह मना रहे हैं। हम दुनिया भर में अपने शोध के लिए जाने जाते हैं। हम आगे 'ऋतंभरा' नामक एक अनूठी शोध प्रयोगशाला विकसित करने जा रहे हैं, जो योग के उच्चतर आयामों, यानी समाधि, का पता लगाएगी।'

तिरुवनंतपुरम कैंपस की शुरुआत

नागेंद्र ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री की इस यात्रा के अवसर पर संस्थान अपना तिरुवनंतपुरम कैंपस शुरू करेगा। उन्होंने कहा, 'इस बेहद खास मौके पर, जब हमारे प्रधानमंत्री यहां आ रहे हैं, हम अपना तिरुवनंतपुरम कैंपस भी शुरू करेंगे।' उन्होंने संस्थान के शिक्षकों, छात्रों और दुनिया भर में फैले पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना की और लोगों को कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़ने का आमंत्रण भी दिया।

1,000 कृत्रिम अंग निःशुल्क

इसी बीच एस-व्यास के अंतरराष्ट्रीय मामलों के मुख्य सलाहकार प्रेम भंडारी ने घोषणा की कि एच. वी. शेषाद्रि की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में संस्थान 1,000 विश्वस्तरीय कृत्रिम अंग बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराएगा। इस पहल से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी का बेंगलुरु दौरा केवल इस समारोह तक सीमित नहीं है। वे आज बाद में बेंगलुरु की नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही वे शहर में प्रस्तावित कंप्रेस्ड बायो-गैस (CBG) प्लांट की आधारशिला वर्चुअल माध्यम से रखेंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article