Delhi Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिवाली के बाद से लगातार राजधानी और आसपास के इलाकों की हवा जहरीली बनी हुई है, जिससे लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 6:05 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) एक बार फिर 300 के पार पहुंच गया है। वहीं, एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
एनसीआर के प्रमुख शहरों AQI की स्थिति
दिल्ली (समग्र): 319
गुरुग्राम: 300
नोएडा: 284
गाजियाबाद: 280
फरीदाबाद: 270
राजधानी के चुनिंदा इलाकों का हाल
IIT दिल्ली: 412 (गंभीर श्रेणी)
ITO: 394
DU नॉर्थ कैंपस: 392
चांदनी चौक: 388
बुराड़ी: 378
JNU: 376
आनंद विहार: 315
IGI एयरपोर्ट: 302
खतरनाक होती हवा और स्वास्थ्य पर असर
इससे पहले बुधवार को भी AQI कई इलाकों में 400 के आंकड़े को पार कर गया था, जिसे स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जाता है। लगातार बने इस स्मॉग और जहरीली हवा के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को इस मौसम में सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ऐसे संवेदनशील लोगों को विशेष सावधानी बरतने और सुबह-शाम की सैर से बचने की सलाह दी है ताकि किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके।
पटाखों का धुआं और बारिश न होने से बढ़ी टेंशन
विशेषज्ञों का मानना है कि दीवाली के दौरान जमकर छोड़े गए पटाखों और स्थानीय प्रदूषण के स्रोतों के कारण वातावरण में घुला जहर अब तक कम नहीं हो सका है। सरकार और प्रशासन द्वारा प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए कई तरह के एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल वे नाकाफी साबित हो रहे हैं।
इस बीच, लोगों को उम्मीद थी कि शायद बारिश होने से इस प्रदूषण से कुछ राहत मिल सके, लेकिन मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि फिलहाल निकट भविष्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। बारिश न होने और हवा की रफ्तार सुस्त पड़ने के कारण लोगों की चिंताएं और अधिक बढ़ गई हैं।
