बिजनेस

RBI Rate Hike : EMI का बोझ बढ़ना तय, दिसंबर में लगेगा अक्टूबर की महंगाई का झटका

CPI आधारित महंगाई के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। 12 नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में महंगाई 2 साल में पहली बार 6% पार चली गई। इसके बाद दिसंबर में ब्याज दरे बढ़ना तय हो गया है।

Image

रिटेल महंगाई बढ़ने का EMI पर होगा असर

Retail Inflation and RBI Rate Hike : महंगाई ने एक बार फिर आम आदमी की जेब पर दबाव बढ़ा दिया है। खाने-पीने की चीजों की कीमतों में तेजी के चलते देश में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 6.09% पहुंच गई है। यह करीब 2 साल का उच्चतम स्तर है और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6% की अधिकतम सहनशीलता सीमा को भी पार कर गई है।

महंगाई के इस नए झटके के बीच अब होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन लेने वालों की चिंता बढ़ सकती है। अर्थशास्त्रियों को उम्मीद है कि RBI दिसंबर में एक बार फिर रेपो रेट बढ़ा सकता है। अगर ऐसा होता है तो आने वाले दिनों में आपकी EMI का बोझ बढ़ सकता है। क्योंकि, RBI की तरफ महंगाई की टारगेट रेंज 4% है, जबकि टोलरेंस रेंज 2% से 6% तक है। यानी 6 फीसदी से ऊपर निकलना RBI को आक्रामक पॉलिसी रुख अपनाने को मजबूर कर सकता है।

2 साल के शीर्ष पर महंगाई

सांख्यिकी मंत्रालय की ओर से 12 नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में 6.09% के साथ रिटेल महंगाई दर 2 साल का उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। इससे पहले अक्टूबर 2024 में महंगाई 6.21% दर्ज की गई थी। महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों की कीमतों में उछाल है। अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 8.94% पहुंच गई, जो सितंबर में 7.74% थी। यानी एक महीने में खाद्य महंगाई में 1.20 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।

दिसंबर में बढ़ सकता EMI का बोझ

महंगाई के बढ़ते दबाव के बीच RBI की अगली मौद्रिक नीति बैठक पर सबकी नजरें हैं। मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की अगली बैठक 2 से 4 दिसंबर 2026 के बीच होगी। अक्टूबर में RBI ने तीन साल से ज्यादा समय बाद पहली बार रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद रेपो रेट 5.50% हो गया था। केंद्रीय बैंक ने अपनी पॉलिसी का रुख भी बदलकर 'Calibrated Tightening' कर दिया था। इसका मतलब है कि फिलहाल ब्याज दरों में कटौती की गुंजाइश कम है और आगे जरूरत पड़ने पर बढ़ोतरी या दरों को स्थिर रखने का विकल्प खुला है।

50 बेसिस पॉइंट तक महंगा हो सकता है कर्ज

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक अर्थशास्त्रियों ने एक सर्वे में अनुमान जताया है कि दिसंबर की बैठक में RBI 25 बेसिस पॉइंट की एक और बढ़ोतरी कर सकता है। SBI और CareEdge Ratings भी दिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं, कुछ अर्थशास्त्री इससे भी बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान लगा रहे हैं। कोटक महिंद्रा बैंक की चीफ इकोनॉमिस्ट उपासना भारद्वाज के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 में RBI कुल 50 बेसिस पॉइंट तक ब्याज दरें बढ़ा सकता है। HDFC बैंक की इकोनॉमिस्ट साक्षी गुप्ता को भी दिसंबर और फरवरी में 25-25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद है। यानी आने वाले महीनों में कर्ज की लागत और बढ़ सकती है।

आपकी EMI पर कैसे पड़ेगा असर?

रेपो रेट बढ़ने का असर सबसे पहले बैंकों की उधारी लागत पर दिखाई दे सकता है। बैंक अपनी ब्याज दरें बढ़ाते हैं तो इसका असर होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की EMI पर पड़ सकता है। खासतौर पर फ्लोटिंग रेट पर चल रहे लोन लेने वालों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। ब्याज दर बढ़ने पर बैंक दो तरीके अपना सकते हैं। पहला, आपकी मौजूदा EMI बढ़ाई जा सकती है। दूसरा, EMI पहले जैसी रखते हुए लोन चुकाने की अवधि बढ़ाई जा सकती है। इसका मतलब है कि आपको लंबे समय तक ब्याज चुकाना पड़ सकता है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article