Cooperative Bank Fraud Case: यूपी की राजधानी लखनऊ में स्थित उप्र. कोऑपरेटिव बैंक की हजरतगंज शाखा से 146 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने का पर्दाफाश हुआ है। यूपी एसटीएफ ने लोक भवन में तैनात सेक्शन अफसर रामराज समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी इस हेराफेरी में शामिल थे। एसएसपी एसटीएफ विशाल विक्रम सिंह ने बताया कि, पकड़े गए अन्य आरोपियों में सीतापुर के महमूदाबाद में कोऑपरेटिव बैंक का सहायक प्रबंधक कर्मवीर सिंह (निवासी आशियाना लखनऊ), रायबरेली रोड का भूपेंद्र सिंह, लखनऊ के बालागंज का आकाश कुमार श्रीवास्तव और शाहजहांपुर का ध्रुव कुमार श्रीवास्तव शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि, इन पांचों को पूर्व बैंक प्रबंधक आरएस दुबे ने अपने गिरोह में शामिल किया था।
इस गिरोह ने हेराफेरी के लिए कई जगह पर बैठक भी की थी। एसटीएफ का कहना है कि, योजनाबद्ध तरीके से आरएस दुबे साइबर एक्सपर्ट और अन्य दो-तीन युवकों के साथ बैंक में घंटों बैठता था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि, ये लोग बैंक में अपने लैपटॉप लगाकर कार्य करते थे।
