UP Budget 2024: योगी सरकार ने आज अपने दूसरे कार्यकाल का दूसरा बजट पेश किया। यह बजट यूपी के इतिहास का सबसे बड़ा बजट है। इस बजट पर विपक्ष की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार के इस बजट पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि यूपी में ईज ऑफ डूइंग क्राइम, ईज ऑफ डूइंग करप्शन चल रहा है। यूपी सरकार किसानों और युवाओं की मजबूरी का फायदा उठा रही है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े बजट वाले राज्य में किसान दुखी है और युवाओं के हाथों में नौकरी नहीं है। अखिलेश ने कहा कि सबका साथ सबका विकास करने के लिए गैरबराबरी को खत्म करना जरूरी है। गैरबराबरी बढ़ने से अमीर और गरीब के बीच की खाई भी बढ़ेगी।
एक्स पर लिखी पोस्ट
अखिलेश यादव ने बजट को लेकर कहा है कि यूपी का बजट चाहे जितना बड़ा हो लेकिन सवाल यही है कि बजट में 90 प्रतिशत जनता के लिए क्या है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा ‘‘यूपी का बजट चाहे सात लाख करोड़ का हो या आठ लाख करोड़ का… सवाल यही रहेगा कि 90 फीसदी जनता मतलब ‘पीडीए’ के लिए इसमें क्या है।’’ अखिलेश ने भाजपा की नीति को आम जनता विरोधी बताया है। सपा प्रमुख ने ये भी कहा कि भाजपा 90 प्रतिशत बजट 10 प्रतिशत सम्पन्न लोगों के लिए रखती है और 90 फीसदी जरूरतमंद जनता के लिए नाममात्र का बजट रखती है।
