Rain Alert In Up: यूपी की राजधानी में लगातार भारी बारिश से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां तक बारिश का पानी लोगों के घरों तक घुस गया है। बारिश से लोगों को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम का मिजाज देखते हुए प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। यूपी में लौटता मानसून जमकर बरस रहा है। यहां तक की शहर के पॉश इलाके की सड़कों में 2-3 फीट तक पानी भर गया। लोग घरों में कैद हो गए। वहीं, लखनऊ के अलावा मुरादाबाद और बाराबंकी में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई हैं।
बिजली गिरने से 7 बच्चे बेहोश
दरअसल, 7 बच्चों के बेहोश होने का भी मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मिर्जापुर में नवोदय विद्यालय कैंपस में बिजली गिरने से 7 बच्चे बेहोश हो गए। सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बारिश के चलते इटावा में नेशनल हाईवे भी धंस गया। मुरादाबाद में रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया। जिससे बारिश में फंसे ट्रेनों को धीरे-धीरे पास करवाया गया। वहीं, 9 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।
31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार को लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर समेत 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अभी 7 दिन तक ऐसी ही बरसात होगी। यूपी में बारिश का आज लगातार तीसरा दिन है। अगर रविवार को हुई तेज बारिश की बात किया जाए तो सामान्य से 210% ज्यादा बारिश दर्ज की गई। हालांकि प्रशासन ने हालात को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने को भी कहा है।
सीएम योगी का जिला-अधिकारियों को आदेश
इसके अलावा लखनऊ में भारी बारिश के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए कहा है। उन्होंने यह निर्देश दिया है कि जलभराव की स्थिति में प्रभावी प्रबंध किए जाएं।नदियों के जलस्तर की निगरानी की जाए। फसलों के नुकसान का आकलन भी किया जाए।
