Bhopal News: मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ी घोषणा की है। राजधानी भोपाल और सिंगरौली के बीच आवाजाही को आसान और तेज रफ्तार बनाने के लिए एक नया एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। इस एक्सप्रेसवे का ऐलान करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह विंध्य क्षेत्र के विकास और यहां के लोगों के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इस एक्सप्रेसवे पर भोपाल और सिंगरौली के राज्य के करीब आधा दर्जन अन्य जिले भी जुड़ेंगे। यह एक्सप्रेसवे जिस क्षेत्र से गुजरेगा, वहां के एग्रीकल्चर, कारोबार और उद्योग को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। रीवा में आयोजित एक कार्यक्रम में इस एक्सप्रेसवे की घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि इस पर कागजी कार्रवाई शुरू हो गई है, जल्द ही यह धरातल पर दिखने लगेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल से सिंगरौली तक बनने वाला यह नया एक्सप्रेस-वे न केवल आवागमन को बेहद तेज और सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि यह मध्यप्रदेश के विकास का नया मॉडल भी बनेगा। इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद राज्य के बाकी हिस्सों से पिछड़ रहे विंध्य क्षेत्र में भी तेजी से विकास संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि, यह एक्सप्रेस-वे भोपाल से शुरू होकर सागर, दमोह, सतना, रीवा, सीधी होते हुए सिंगरौली तक जाएगा। इस एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इससे इन जिले के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल सके।
