Bhopal: सर्दियों की शुरूआत होते ही इन दिनों राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की बहार है। कोविड महामारी के बाद अब सब कुछ नॉर्मल हुआ है तो लोग अपने घरों से निकलकर जंगल जीवन का लुत्फ ले रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पर्यटकों की भीड़ इस कदर बढ़ी है कि, सूबे के सभी 6 टाइगर रिजर्व के कोर जोन में सीटें अभी से फुल हो चुकी हैं। इसे लेकर पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरों पर खुशी है। टूरिस्ट गाइड कहते हैं कि, दो साल बाद अब पर्यटकों के आने का सिलसिला शुरू हुआ है तो आमदनी के आसार नजर आने लगे हैं। वहीं पर्यटकों को बफर जोन में मादा बाघिन के दीदार हो रहे हैं तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं हैं।
बता दें कि, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में एक मादा बाघिन अपने 3 शावकों के साथ घुमती हुई पर्यटकों को आसानी दिख रही है। अक्टूबर माह से शुरू हुई बुकिंग के बाद नवबंर व दिसंबर तक फुल है। गौरतलब है कि, वर्तमान में देश का मध्यप्रदेश अकेला राज्य है जहां सबसे ज्यादा टाइगर हैं। टाइगर के अलावा पर्यटकों को ब्लैक पेंथर, इंडिया बायसन, वाइल्ड बोअर, स्पोटेड डिअर, सांभर, ब्लैक बक समेत भालू व अन्य जंगली जानवर देखने को मिल रहे हैं।
