Agra Fake Milk: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में नकली दूध बनाने वाला गिरोह बेनकाब हुआ है। आगरा के एत्मादपुर में डिटर्जेंट, रिफाइंड और सिंथेटिक पाउडर से नकली दूध बनाने का कार्य किया जा रहा था। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बिहारीपुर गांव में राजेंद्र सिंह की डेयरी पर छापेमारी की। टीम ने यहां से रासायनिक पदार्थ बरामद किए। इसके अलावा एफएसडीए की टीम ने कृत्रिम दूध की आशंका पर चार ड्रम में रखे दूध के नमूने लिए। दूध में कीड़े और मक्खियां पड़े मिलने पर 650 लीटर दूध को नष्ट कर दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की तरफ से दो आरोपियों के खिलाफ एत्मादपुर थाने में केस दर्ज कराया गया है।
दरअसल, गांव बिहारीपुर में कृत्रिम दूध बनाने की जानकारी पर सहायक आयुक्त (खाद्य) आगरा मंडल के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) अमित कुमार ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत गुप्ता और शैलेंद्र कुमार पांडेय एवं अन्य टीम के सदस्यों के साथ डेयरी पर छापा मारा। डेयरी पर मुकेश सिंह नाम का शख्स मिला।
