बिजनेस

शेयर बाजार में भारी उछाल, सेंसेक्स ने लगाई 1100 अंकों की छलांग

  • Authored by: डिंपल अलावाधी
  • Updated Nov 11, 2022, 04:00 PM IST

Share Market News Today (आज का शेयर बाजार), 11 November 2022: पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 419.85 अंकों की गिरावट के साथ 60,613.70 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी 128.80 अंक नीचे 18,028.20 अंक पर बंद हुआ था।

Image

Share Market Today: निवेशकों की मौज, सेंसेक्स ने लगाई 1100 अंकों की छलांग

Photo : BCCL

Share Market News Today, 11 Nov 2022: अमेरिका में महंगाई के सकारात्मक आंकड़ों के बाद ग्लोबल मार्केट में तेजी आई। इसके साथ ही सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से आज हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बीएसई का सेंसेक्स और एनएसई का निफ्टी जोरदार उछाल के साथ बंद हुए। मालूम हो कि अमेरिकी डॉलर की चुलना में भारतीय रुपये में मजबूती और विदेशी कोषों के प्रवाह से भी शेयर बाजार की तेजी को बल मिला है। शुक्रवार को तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1181.34 अंक यानी 1.95 फीसदी की तेजी के साथ 61,795.04 अंक पर बंद हुआ था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 321.50 अंक यानी 1.78 फीसदी की तेजी के साथ 18,349.70 अंक पर बंद हुआ।

ये रहे आज के टॉप गेनर्स

सेंसेक्स में शामिल ज्यादातर कंपनियों के शेयर बढ़त पर बंद हुए। इनमें से सबसे ज्यादा लाभ में एचडीएफसी रही जिसका शेयर 5.84 फीसदी चढ़ गया। वहीं एचडीएफसी बैंक के शेयर 5.62 फीसदी बढ़कर बंद हुए। इंफोसिस में 4.51 फीसदी, टेक महिंद्रा में 3.64 फीसदी और एचडीएल टेक में 3.56 फीसदी की तेजी आई।

इन कंपनियों में आई गिरावट

गिरावट वाले शेयरों की बात करें, तो आज बीएसई पर हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक, डॉक्टर रेड्डी, एसबीआई और एम एंड एम के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2,84,46,882.94 करोड़ रुपये हो गया। उल्लेखनीय है कि अन्य एशियाई बाजारों में आज टोक्यो, शंघाई, सियोल और हांगकांग के बाजारों में भी तेजी का रुख था। गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी तेजी के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सत्र में विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने 36.06 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।आज ऑटो, एफएमसीजी और पीएसयू बैंक के अलावा सभी सेक्टर्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं।

डिंपल अलावाधी
डिंपल अलावाधीauthor

बिजनेस डेस्क पर कार्यरत डिंपल अलावाधी की कारोबार के विषयों पर अच्छी पकड़ है। पत्रकारिता में 5 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाली डिंपल की व्यापार में खास रुचि है। पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार और बैंकिंग सेक्टर के मामलों में विशेष दिलचस्पी है।

और पढ़ें
End of Article