Toyota Rumion CNG Bookings Halted: टोयोटा ने कुछ समय पहले ही भारतीय मार्केट में मारुति सुजुकी अर्टिगा का टोयोटा वर्जन लॉन्च किया है जिसे रुमियन नाम दिया गया है। अब कंपनी ने जानकारी दी है कि इस एमपीवी के सीएनजी वेरिएंट की बुकिंग को अस्थाई तौर पर रोक दिया है। हालांकि एमपीवी के पेट्रोल वर्जन की बिक्री अब भी जारी है और अगर आप पेट्रोल एमपीवी की तलाश में हैं तो इसे खरीद सकते हैं। बता दें कि टोयोटा और मारुति सुजुकी काफी समय से साथ मिलकर भारत में काम कर रहे हैं और दोनों कंपनियां एक-दूसरे की गाड़ियों को अपनी ब्रैंडिंग के साथ बेच रही हैं।
मिल रही बंपर बुकिंग
टोयोटा इंडिया ने अपने बयान में कहा कि रुमियन को ग्राहकों की जोरदार प्रतिक्रिया मिली है। इन एमपीवी की डिलीवरी ग्राहकों को देने में कंपनी को कुछ समय लगने वाला है, खासतौर पर रुमियन के सीएनजी वेरिएंट के लिए। ऐसे में ग्राहकों को लंबी वेटिंग से बचाने के लिए कार के ई-सीएनजी विकल्प की बुकिंग कुछ समय के लिए बंद की जा रही है। गौरतलब है कि मारुति सुजुकी अर्टिगा मार्केट में खूब बिकती है और हर महीने और इस एमपीवी की 10,000 यूनिट औसत बिक जाती हैं।
अर्टिगा से महंगी है रुमियन
टोयोटा जितनी भी कारें मारुति सुजुकी से लेकर खुदका बैज लगाकर बेच रही है, उन सबकी कीमत कुछ ज्यादा होती है। मारुति अर्टिगा की बात करें तो इसके मुकाबले रुमियन की कीमत करीब 50,000-60,000 रुपये ज्यादा है। हालांकि टोयोटा के बैनर तले इन्हीं गाड़ियों को खरीदने पर आपको कुछ फायदे भी अलग से मिलते हैं। अर्टिगा मार्केट में मौजूद होने के बावजूद लोगों ने टोयोटा रुमियन को काफी पसंद किया है जो बुकिंग के आंकड़ों से साफ भी हो रहा है।
