2023 Hyundai Creta Facelift Launched In India: ह्यून्दे मोटर इंडिया ने ग्राहकों की चहेती क्रेटा एसयूवी का अपडेटेड मॉडल लॉन्च किया है जो 2023 आरडीई मानकों वाले इंजन के साथ आया है. कंपनी ने नई क्रेटा की कीमत में 45,000 रुपये का इजाफा किया है जिसके बाद इसकी शुरुआती एक्सशोरूम कीमत अब 10.84 लाख रुपये हो गई है जो 19.13 लाख रुपये तक जाती है. ग्राहकों के काम की खबर ये है कि अब ह्यून्दे ने क्रेटा के साथ सामान्य तौर पर 6 एयरबैग्स दिए हैं जिसके बाद कार पुराने मॉडल से ज्यादा सुरक्षित हो गई है.
कितना आधुनिक है नया इंजन
अपडेटेड ह्यून्दे क्रेटा में लगे नए इंजन की ताकत भले ही पहले जैसी ही है, लेकिन इसके साथ ई20-कंप्लायंट तकनीक मिली है जिसकी मदद से नई क्रेटा 20 फीसदी इथेनॉल ब्लेंड वाले पेट्रोल से चल सकती है. इसके अलावा ह्यून्दे ने क्रेटा के पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन के साथ अब आइडल स्टार्ट/स्टॉप तकनीक सामान्य तौर पर उपलब्ध कराई है.
पहले से कितनी सेफ है क्रेटा
ह्यून्दे इंडिया ने 2023 क्रेटा के सभी वेरिएंट्स को अब 6 एयरबैग्स से लैस किया है. इसके अलावा क्रेटा फेसलिफ्ट के साथ नए सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं जिनमें ईएससी, हिल असिस्ट, व्हीकल स्टेबिलिट मैनेजमेंट, रियर डिस्क ब्रेक्स, सीटबेल्ट हाइट अडजस्टमेंट और आइसोफिक्स माउंट शामिल हैं. केबिन फीचर्स की बात करें तो यहां लगभग सभी फीचर्स पुराने मॉडल वाले ही मिले हैं.
