New Hyundai Venue Updated For 2023: ह्यून्दे वेन्यू कंपनी की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली कारों में एक है और अब कंपनी ने इस कॉम्पैक्ट एसयूवी का अपडेटेड वर्जन लॉन्च कर दिया है. नई ह्यून्दे वेन्यू की शुरुआती एक्सशोरूम कीमत अब 7.68 लाख रुपये हो गई है जो टॉप मॉडल के लिए 12.51 लाख रुपये तक जाती है. बता दें कि कंपनी ने वेन्यू के पेट्रोल वेरिएंट्स के दाम में 25,000 रुपये तक इजाफा किया है, वहीं डीजल लाइनअप की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है. वेन्यू के साथ अब पहले से दमदार डीजल इंजन मिला है जो आरडीई और ई20 मानकों वाला है, बाकी वेरिएंट्स को कुछ नए फीचर्स मिले हैं.
मिला दमदार डीजल इंजन
ह्यून्दे वेन्यू के साथ कंपनी ने 115 एचपी ताकत वाला डीजल इंजन अब मुहैया कराया है जो क्रेटा और एल्कजार जैसी कारों के अलावा किआ सॉनेट, सेल्टोस और कारेंस के साथ दिया जा रहा है. इसके अलावा पेट्रोल वेरिएंट के साथ 1.0-लीटर टर्बो और 1.2-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड इंजन मिले हैं. ह्यून्दे ने वेन्यू के बेस मॉडल 1.2 ई एमटी की कीमत में कुल 6,000 रुपये का इजाफा किया है, वहीं 1.2 एसएक्स एम वेरिएंट 12,000 रुपये महंगा हो गया है. टर्बो वेरिएंट की बात करें तो कंपनी ने इसकी कीमत 25,000 रुपये तक बढ़ाई है.
किन वेरिएंट्स में कौन से नए फीचर्स?
वेन्यू को पहले की तरह 6 ट्र्रिम्स - ई, एस, एस प्लस, एस ओ, एसएक्स, एसएक्स ओ में पेश किया गया है. इनमें से टॉप मॉडल एसएक्स ओ के साथ कंपनी ने नए 16-इंच के डायमंड कट अलॉय व्हील्स दिए हैं. पेट्रोल वेरिएंट में वेन्यू एस ओ के साथ अब 2 की जगह 4 एयरबैग्स दिए गए हैं जिनमें साइड एयरबैग्स नए जुड़े हैं. इसके बाद ह्यून्दे वेन्यू डीजल में एसएक्स ट्रिम अब नए साइड और कर्टन एयरबैग्स के साथ आई है. भारत में इस कार का मुकाबला मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा, टाटा नैक्सॉन और मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स जैसी कई कारों से होने वाला है.
