Renault Kwid RXE Launched In India: रेनॉ इंडिया की सबसे सस्ती कार क्विड को भारतीय मार्केट में बहुत पसंद किया जाता है क्योंकि ये सस्ती कार है जिसके साथ फीचर्स भी पैसा वसूल मिलते हैं. अब कंपनी ने क्विड का नया RXE वेरिएंट लॉन्च कर दिया है जो इस कार रेंज का सबसे सस्ता वेरिएंट बन गया है. नए RXE वेरिएंट की एक्सशोरूम कीमत 4.69 लाख रुपये रखी गई है और कंपनी ने इसकी बुकिंग्स लेना भी शुरू कर दिया है. किफायती कारें पसंद करने वालों के लिए ये नया वेरिएंट एक जोरदार विकल्प बन गया है जो पूरी तरह पैसा वसूल डील ग्राहकों को देने वाला है.
कितना दमदार है कार का इंजन
रेनॉ इंडिया ने अपनी सभी कारों को आज बीएस6 के स्टेप 2 मानकों से अपडेट कर दिया है. इसके साथ ही कंपनी ने क्विड हैचबैक को भी अपडेट किया है. रेनॉ क्विड RXE वेरिएंट के साथ 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है जो सिर्फ मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आया है. नए ईंधन मानकों के हिसाब से कंपनी ने कार के इंजन के साथ सेल्फ डायगनोस्टिक डिवाइस दी है जो ड्राइव के समय कार का एमिशन लेवल लगातार मॉनिटर करती रहती है, इसके साथ ही ये केटेलेटिक कन्वर्टर और ऑक्सिजन सेंसर्स पर भी नजर बनाए रखती है.
कम कीमत में मिलेंगे धांसू फीचर्स
नई रेनॉ क्लिड RXE में पैसा वसूल फीचर्स दिए गए हैं जिनमें ओआरवीएम पर लगे टर्न इंडिकेटर्स, स्टीयरिंग पर मिले ऑडियो और फोन कंट्रोल्स शामिल हैं. कंपनी ने नई कार के साथ अब सामान्य रूप से ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, हिल स्टार्ट असिस्ट और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं. रेनॉ ने भारत में पहली बार इस कार को 2015 में लॉन्च किया था और उसके बाद से ही सस्ती कारें पसंद करने वाले लोगों के बीच ये पॉपुलर बनी हुई है.
