New Hero XPulse 200T: हीरो ने कुछ समय पहले ही भारत में नई एक्सपल्स 200टी की झलक दिखाई थी और अब कंपनी ने इसका शानदार लुक सामने ला दिया है. नई रोड्सटर स्पोर्ट्स बाइक को कई सारे कॉस्मैटिक बदलावों और इंजन में अपडेट के साथ मार्केट में लाया जाएगा. दिखने में नया मॉडल काफी खूबसूरत है जिसकी स्टाइल में कंपनी ने कुछ बदलाव किए हैं. इन बदलावों में बदली हुई हेडलैंप की जगह, बॉडी कलर का नया वाइजर, फोर्क गेटर्स, नया बेली पैन और पिछले हिस्से में ग्रैब रेल शामिल हैं. इसका सीधा मुकाबला टीवीएस अपाचे आरटीआर 200 4वी से होगा.
कितना दमदार होगा इंजन!
हीरो मोटोकॉर्प ने जहां एक्सपल्स के मौजूदा मॉडल को टू-वाल्व इंजन दिया है, वहीं इसका अपडेटेड मॉडल एक्सपल्स 200 4वी वाले इंजन से लैस हो सकता है. 199.6 सीसी का ये इंजन 19.1 पीएस ताकत और 17.35 एनएम पीक टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी ने नई मोटरसाइकिल को शहरी इलाकों और ऑफ-रोडिंग दोनों जगह इस्तेमाल के हिसाब से तैयार किया है. फीचर्स पर नजर डालें तो यहां पूरी तरह डिजिटल एलसीडी इंस्ट्रूमेंट कंसोल के साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टर्न बाय टर्न नेविगेशन सिस्टम मिलेगा.
कितनी होगी नई एक्सपल्स 200टी की कीमत?
बाइक के कई सारे पुर्जे मौजूदा मॉडल से लिए जाएंगे जिनमें सस्पेंशन और दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक्स शामिल हैं. हालांकि कंपनी इसके सस्पेंशन में कुछ बदलाव कर सकती है. फिलहाल हीरो एक्सपल्स 200टी की दिल्ली में एक्सशोरूम कीमत 1,24,396 रुपये है और इस कीमत के साथ ये भारत की सबसे सस्ती 200 सीसी बाइक बनी हुई है. नए मॉडल की कीमत कुछ 6,000-7,000 रुपये ज्यादा हो सकती है, ऐसे में इसकी कीमत 1.30 लाख रुपये हो सकती है.
