ऑटो न्यूज़

Royal Enfield से भी सस्ती है विंटेज लुक वाली ये धाकड़ इलेक्ट्रिक कार, और क्या चाहिए

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 1, 2022, 06:57 PM IST

Green Master नामक इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता ने मारुति सुजुकी ऑल्टो और रॉयल एनफील्ड के पुर्जे मिलाकर भारत की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार तैयार की है. ये विंटेज लुक वाली ईवी रॉयल एनफील्ड बाइक से भी कम कीमत की है.

Image

इसे मारुति सुजुकी ऑल्टो और रॉयल एनफील्ड के पुर्जों से मिलाकर बनाया गया है.

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • रॉयल एनफील्ड से सस्ती इलेक्ट्रिक कार
  • टैक्स मिलाकर कीमत 1.45 लाख से शुरू
  • जोरदार विंटेज लुक वाली है ग्रीन मास्टर

Most Affordable Electric Car: भारतीय मार्केट में इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन तेजी से बढ़ रहा है और बहुत सारे ग्राहक सस्ती इलेक्ट्रिक कारों में दिलचस्पी दिखाने लगे हैं. टाटा मोटर्स ने हाल में 8.50 लाख से भी कम कीमत पर अपनी सबसे सस्ती हैचबैक टिआगो का इलेक्ट्रिक अवतार मार्केट में पेश किया है. आज हम आपको एक ऐसी इलेक्ट्रिक कार के बारे में बता रहे हैं जो ना सिर्फ बेहतरीन विंटेज लुक में आती है, बल्कि इसकी कीमत भी रॉयल एनफील्ड और ऐसी कई अन्य बाइक्स से कम है. मजे की बात तो ये है कि इसे मारुति सुजुकी ऑल्टो और रॉयल एनफील्ड के पुर्जों से मिलाकर बनाया गया है.

Green Master Electric Car Most Affordable EV In India

Green Master Electric Car Most Affordable EV In India

कीमत 1.45 लाख रुपये

ग्रीन मास्टर नामक कंपनी द्वारा तैयार ये ईवी फिलहाल भारत की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार बनी हुई है जिसके बेस 2-सीटर वेरिएंट की कीमत 1.45 लाख रुपये है जिसमें सभी टैक्स शामिल हैं. ये कीमत टॉप वेरिएंट के लिए 2.45 लाख रुपये तक जाती है. इस कीमत के साथ ये इलेक्ट्रिक कार रॉयल एनफील्ड की बाइक्स से भी सस्ती पड़ती है. इसक लुक पूरी तरह किसी विंटेज कार की तरह है जिसमें ग्रिल पर ग्रीन मास्टर का लोगो, एलईडी हेडलैंप्स, 19-इंच के स्पोक्ड व्हील्स, बेंच जैसी सीट और छोटा 70 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है.

सिंगल चार्ज में कितना चलेगी

ग्रीन मास्टर इलेक्ट्रिक कार के बेस वेरिएंट में 48 वोल्ट 30एएच लिथियम-आयन बैटरी लगी है जो 900 वाट इलेक्ट्रिक मोटर से लैस है. ये बैटरी कुल 1 बीएचपी ताकत और 1.2 एनएम पीक टॉर्क बनाती है और सिंगल चार्ज में इसे करीब 50 किमी तक चलाया जा सकता है. इसे चार्ज होने में 3-4 घंटे लगते हैं और अधिकतम रफ्तार 40 किमी/घंटा मिलती है. टॉप मॉडल में 48 वोल्ट 90 एएच बैटरी पैक लगा है जो 1000 वाट का है और एक फुल चार्ज में 100 किमी तक चलाया जा सकता है. ये इलेक्ट्रिक कार 2 और 4-सीटर मॉडल्स में उपलब्ध है और कंपनी इसके बैटरी पैक पर 2 साल की वारंटी दे रही है.

अंशुमन साकल्ले
अंशुमन साकल्लेauthor

अंशुमन साकल्ले जून 2022 से टाइम्स नाउ नवभारत (www.timesnowhindi.com/) में बतौर सीनियर स्पेशल करेस्पॉन्डेंट कार्यरत हैं। ये ईएमएमसी, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और जी न्यूज डिजिटल में काम करने के बाद संस्थान से जुड़े। इन्हें सभी मुख्य बीट्स पर काम करने का अनुभव है और ये 12 वर्ष से भी ज्यादा इसी पेशे में गुजार चुके हैं। एक्सपर्टीज की बात करें तो ऑटो और टेक से जुड़ी तमाम खबरों का जिम्मा यही संभाल रहे हैं। ऑन ग्राउंड रिपोर्ट हो या वीडियो या फिर गाड़ियों का रिव्यू, ये हमेशा अलग-अलग एंगल से खबरों को रोचक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ते। भोपाल के रहने वाले अंशुमन बड़े घुमक्कड़ हैं और ये देश की लगभग सभी प्रचलित जगहों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कर चुके हैं। एनडीटीवी से लेकर अब तक इन्होंने सिर्फ ऑटोमोबाइल जगत से जुड़ी खबरों पर ही काम किया है, हालांकि कोर बीट से इतर चुनाव, बजट या किसी भी बडे इवेंट पर इन्हें बड़ी और महत्वपूर्ण खबरों की जिम्मेदारी भी दी जाती है। इन सबके अलावा राजनीति में भी इन्हें खासी दिलचस्पी है, यही वजह है कि मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स को ये बहुत गहराई से जानते हैं।

और पढ़ें
End of Article